menu-icon
India Daily

पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा फैसला, CM फेस नहीं होगा घोषित; पायलट ने बताया AAP से सीधा मुकाबला

सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पंजाब में 2027 का विधानसभा चुनाव किसी मुख्यमंत्री चेहरे के साथ नहीं लड़ेगी. पार्टी राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व के नाम पर चुनाव मैदान में उतरेगी.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा फैसला, CM फेस नहीं होगा घोषित; पायलट ने बताया AAP से सीधा मुकाबला
Courtesy: @JandiHitraj X Account

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति साफ करनी शुरू कर दी है. प्रदेश के प्रभारी बनाए गए सचिन पायलट ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री पद के लिए अलग से चेहरा घोषित नहीं करेगी. उन्होंने आम आदमी पार्टी को मुख्य प्रतिद्वंद्वी बताया और ड्रग्स व कानून व्यवस्था को अहम चुनावी मुद्दा बताया.

राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

सचिन पायलट के मुताबिक कांग्रेस जब विपक्ष में रहती है, तब आमतौर पर चुनाव से पहले किसी नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं करती. पंजाब में भी यही रणनीति अपनाई जाएगी. पार्टी राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केंद्रीय नेतृत्व के नाम पर चुनाव लड़ेगी. पायलट ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता मिलकर 2027 के चुनाव की तैयारी करेंगे.

AAP से सीधा मुकाबला, अकाली दल पर निशाना

पायलट ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस का मुख्य मुकाबला सत्ताधारी आम आदमी पार्टी से होगा, क्योंकि आप सरकार चला रही है और कांग्रेस राज्य में मुख्य विपक्षी दल है. उन्होंने शिरोमणि अकाली दल पर भी हमला बोला और कहा कि अब यह पहले वाला अकाली दल नहीं रह गया है. उनके मुताबिक अकाली दल कई हिस्सों में बंट चुका है और भाजपा के साथ उसका गठजोड़ अस्तित्व बचाने की कोशिश जैसा है.

ड्रग्स और कानून व्यवस्था बनेंगे बड़े मुद्दे

2027 के चुनाव में कांग्रेस किन मुद्दों को जनता के सामने रखेगी, इस पर भी पायलट ने संकेत दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स और कानून व्यवस्था बड़े चुनावी मुद्दे होंगे. उनका दावा है कि राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं और कांग्रेस खुद को उस बदलाव का विकल्प मानती है. पायलट ने भरोसा जताया कि पार्टी चुनाव में मजबूत स्थिति के साथ उतरकर सरकार बनाने की कोशिश करेगी.

चन्नी से बातचीत, कैप्टन की वापसी पर नहीं हुई चर्चा

सचिन पायलट ने बताया कि उनकी पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से बातचीत हुई है और चन्नी ने चुनाव में पूरी ताकत के साथ प्रचार करने का भरोसा दिया है. वहीं, कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर पायलट ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उनसे इस बारे में कोई चर्चा नहीं की है. उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी का पंजाब दौरा जल्द तय होगा.