पंजाब के अमृतसर में जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है. ड्रीम सिटी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ जम्मू में पहले से मामला दर्ज है और उनसे हथियार तथा नशीला पदार्थ बरामद हुआ है.
जम्मू-कश्मीर पुलिस को सूचना मिली थी कि जंडियाला क्षेत्र के रहने वाले सूरजदीप सिंह और हरप्रीत सिंह अमृतसर के ड्रीम सिटी इलाके में एक मकान किराये पर लेकर रह रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए जम्मू पुलिस ने अमृतसर देहात पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया. इसके बाद संबंधित मकान पर छापा मारा गया जहां दोनों संदिग्ध मौजूद मिले. पुलिस टीम ने बिना किसी देरी के दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से एक एके-47 राइफल, एक पिस्तौल, कई मैगजीन और करीब 420 ग्राम नशीला पदार्थ मिला. बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का मानना है कि यह बरामदगी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है. इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है.
अमृतसर देहात पुलिस के अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ जम्मू में पहले से एक मामला दर्ज है. इसी मामले में उनकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के संपर्क किन लोगों से थे और हथियारों तथा नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी. पुलिस का कहना है कि पूछताछ से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.