menu-icon
India Daily

लुधियाना में फिल्मी अंदाज में PRTC बस चोरी! 2 घंटे रेकी के बाद उड़ा ले गए चोर; 21 KM दूर मिला खाली ढाचा

लुधियाना में चोरों ने PRTC की एक टॉप मॉडल बस को ही पार्किंग से चोरी कर लिया. CCTV फुटेज में बोलेरो से पहुंचे 7 से 8 लोगों की गतिविधियां कैद हुई हैं. करीब 2 घंटे रेकी करने के बाद चोर बस लेकर फरार हो गए.

babli
Edited By: Babli Rautela
लुधियाना में फिल्मी अंदाज में PRTC बस चोरी! 2 घंटे रेकी के बाद उड़ा ले गए चोर; 21 KM दूर मिला खाली ढाचा
Courtesy: AI

लुधियाना में चोरों ने चोरी की एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने PRTC कर्मचारियों और पुलिस को हैरान कर दिया है. लुधियाना बस स्टैंड डिपो के सामने स्थित पार्किंग से चोर PRTC की एक टॉप मॉडल बस ही लेकर फरार हो गए. हैरानी की बात यह रही कि चोरी के बाद बस को शहर से करीब 21 किलोमीटर दूर ले जाया गया और वहां ईंटों के सहारे खड़ा कर दिया गया.

चोर बस से टायर, बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकालकर फरार हो गए. पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हुई है. फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है.

2 घंटे तक पार्किंग के पास करते रहे रेकी

बस ड्राइवर के मुताबिक, CCTV फुटेज में 28 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एक बोलेरो पिकअप पार्किंग के पास पहुंचती दिखाई दे रही है. बताया गया कि उसमें करीब 7 से 8 लोग सवार थे. आरोपियों ने तुरंत बस चोरी नहीं की. वे करीब दो घंटे तक मौके के आसपास मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लेते रहे. इसके बाद रात करीब 2 बजकर 20 मिनट पर उन्होंने पार्किंग से बस निकाल ली. बताया जा रहा है कि उस वक्त आसपास काफी सन्नाटा था. चोर बस को पार्किंग से बाहर निकालने में कामयाब रहे और उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था.

बस के आगे चल रही थी स्कूटी और ऑटो

CCTV फुटेज में चोरी की वारदात के बाद का घटनाक्रम भी सामने आया है. बताया गया कि जगराओं पुल के आसपास एक ऑटो और स्कूटी बस के साथ दिखाई दिए. फुटेज के मुताबिक, स्कूटी को बस के आगे चलाया जा रहा था. इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने बस को ले जाने के लिए पहले से पूरा रास्ता और योजना तैयार कर रखी थी.

टॉप मॉडल बस को तार जोड़कर किया स्टार्ट

जिस बस को चोरों ने निशाना बनाया, वह BS-VI Phase 2-6 टॉप मॉडल बताई जा रही है. ऐसे वाहन को बिना चाबी के सामान्य तरीके से स्टार्ट करना आसान नहीं माना जाता. बस ड्राइवर के अनुसार, आरोपियों ने स्टार्टिंग स्विच की तारों के साथ छेड़छाड़ कर बस को डायरेक्ट स्टार्ट किया. इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि वारदात में ऐसे लोगों की भूमिका हो सकती है, जिन्हें बस की वायरिंग और तकनीकी सिस्टम की जानकारी थी.

हालांकि, इस मामले में किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस CCTV और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है.