menu-icon
India Daily

बिजली बिल नहीं भरा तो अब अंधेरे में कटेगा समय! जालंधर में 25 हजार से ज्यादा कनेक्शन पर संकट

जालंधर में लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर पावरकाम ने सख्ती की तैयारी कर ली है. विभाग 20 हजार से एक लाख रुपये तक बकाया वाले 25,257 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने जा रहा है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
बिजली बिल नहीं भरा तो अब अंधेरे में कटेगा समय! जालंधर में 25 हजार से ज्यादा कनेक्शन पर संकट
Courtesy: Pinterest

Jalandhar Electricity Bill: बिजली का बिल लंबे समय से जमा नहीं करना अब जालंधर के हजारों उपभोक्ताओं पर भारी पड़ सकता है. पावरकाम ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है, जिनका एक साल से बिजली बिल बकाया है. विभाग 20 हजार से एक लाख रुपये तक की बकाया राशि वाले 25,257 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी में है. कार्रवाई तीन दिनों के भीतर शुरू होने की बात कही गई है. पहले कनेक्शन अस्थायी रूप से काटे जाएंगे.

18 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं पर 50 हजार तक का बकाया

पावरकाम के आंकड़ों के अनुसार, 20 से 50 हजार रुपये तक बिजली बिल बकाया रखने वाले 18,281 उपभोक्ता हैं. इनसे विभाग को कुल 58.28 करोड़ रुपये की वसूली करनी है. वहीं, 50 हजार से एक लाख रुपये तक बकाया वाले 6,976 उपभोक्ता हैं. इन पर कुल 47.69 करोड़ रुपये बकाया हैं. इस तरह दोनों श्रेणियों में बड़ी रकम फंसी हुई है, जिसे विभाग अब वसूलने की तैयारी कर रहा है.

पहले भी हजारों कनेक्शन काट चुका है विभाग

पावरकाम ने हाल में भी बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की थी. पिछले दो सप्ताह में एक लाख से ढाई लाख रुपये तक बिजली बिल बकाया रखने वाले 5,085 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए. विभाग के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद 12.51 करोड़ रुपये के बकाया बिल की वसूली हुई. डिप्टी चीफ इंजीनियर गुलशन चुटानी ने कहा कि बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं होगी.

घरेलू और कमर्शियल उपभोक्ताओं की सूची तैयार

पावरकाम ने ईस्ट, कैंट, मॉडल टाउन, वेस्ट और फगवाड़ा क्षेत्रों में भी बकायेदारों पर कार्रवाई की तैयारी की है. विभाग के अनुसार, घरेलू और कमर्शियल उपभोक्ताओं की ओर करीब 25 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है. डिप्टी चीफ इंजीनियर गुलशन चुटानी ने कहा कि डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. विभाग की सूची तैयार है और अब बकाया राशि की वसूली के लिए चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू होगी.