menu-icon
India Daily

गुरदासपुर: बीजेपी नेता विजय सोनी पर गोलीबारी, पेट्रोल पंप पर हमले में बाल-बाल बचे

BJP नेता विजय कुमार सोनी गुरदासपुर स्थित अपने पेट्रोल पंप पर दो नकाबपोश बाइक सवारों की गोलीबारी में बाल-बाल बच गए. बताया जा रहा है कि इस हमले से पहले उनसे 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी.

Shilpa Shrivastava
गुरदासपुर: बीजेपी नेता विजय सोनी पर गोलीबारी, पेट्रोल पंप पर हमले में बाल-बाल बचे

गुरदासपुर: बुधवार रात गुरदासपुर में बीजेपी नेता पर गोलियां चलाने का मामला सामने आया है. भारतीय जनता पार्टी के जिला व्यापार प्रकोष्ठ के प्रमुख विजय सोनी के पेट्रोल पंप पर गोलियां चलाई गईं. इस घटना की जानकारी विजय सोनी ने दी है. उन्होंने बताया कि रात 10:30 बजे वह अपने पेट्रोल पंप पर बैठे थे. उसी समय दो लोग मोटरसाइकिल पर आए. उनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे. उन्होंने अचानक ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं. 

विजय सोनी के मुताबिक, उनका बैग उनके पास ही रखा था. इसमें उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी रखी थी. गोलीबारी शुरू होते ही उन्होंने तुरंत अपनी रिवॉल्वर निकाली और जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान उन्होंने हमलावरों पर दो-तीन गोलियां चलाईं, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग गए. 

विजय सोनी को आए थे धमकी भरे कॉल:

बता दें कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. विजय सोनी की कार पर दो-तीन गोलियां लगीं. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई. पुलिस ने अभी इस मामले पर कोई आधिकारिक जारी नहीं दी है. बीजेपी नेता ने बताया कि उन्हें कुछ समय से धमकी भरे कॉल आ रहे थे. हमला करने के बाद, हमलावरों ने एक मैसेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी. इसमें उन्होंने 2 करोड़ की फिरौती मांगी थी. मैसेज में उन्होंने लिखा था कि यह केवल एक ट्रेलर है. अगर 10 दिन के अंदर पैसे नहीं दिए गए तो हमला दोबारा होगा.