menu-icon
India Daily

अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे लोग, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा, 8 की मौत-15 से ज्यादा घायल

पंजाब के फिरोजपुर में फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है. इस हादसे में 15 से ज्याद लोग घायल हो गए हैं. पिकअप और घोड़ा ट्रॉली की आमने सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

babli
Edited By: Babli Rautela
अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे लोग, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा, 8 की मौत-15 से ज्यादा घायल
Courtesy: X

पंजाब के फिरोजपुर जिले से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं. फाजिल्का रोड पर जंगा वाले मोड़ के पास पिकअप गाड़ी और घोड़ा ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हुई. इस टक्कर में 8 लोगों की जान चली गई जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहे है. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया. वहां मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया. पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.

अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार लोग अपने किसी परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जा रहे थे. परिवार और रिश्तेदारों से भरी गाड़ी सुबह अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा था. इसी दौरान जब पिकअप जंगा वाले मोड़ के निकट पहुंची तो सामने से आ रही घोड़ा ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में बैठे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ लोग अंदर ही फंस गए.

हादसे के बाद मची चीख पुकार

दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने घायल यात्रियों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की और उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई. कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं. घायलों को तुरंत फिरोजपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें स्ट्रेचर और विशेष चिकित्सा सहायता के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया.

सूत्रों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि कुछ लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है क्योंकि कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है.