menu-icon
India Daily

पाकिस्तान से आई खेप... फरीदकोट में 47 किलो हेरोइन के साथ 4 गिरफ्तार, कार से 3 विदेशी पिस्टल और 15 कारतूस बरामद

फरीदकोट में पुलिस ने होंडा सिटी कार से 47 किलो 332 ग्राम हेरोइन, तीन विदेशी पिस्टल और 15 कारतूस बरामद किए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पाकिस्तान से आई खेप... फरीदकोट में 47 किलो हेरोइन के साथ 4 गिरफ्तार, कार से 3 विदेशी पिस्टल और 15 कारतूस बरामद
Courtesy: X

फरीदकोट पुलिस ने नशे और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ा है. आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हेरोइन और तीन पिस्टल मिली हैं. पुलिस के मुताबिक, नशे की यह खेप पाकिस्तान से लाई गई थी और इसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में पहुंचाया जाना था.

नाके पर कार रोकने के बाद भागने की कोशिश

सीआईए स्टाफ फरीदकोट की टीम ने शनिवार रात सादिक से दीप सिंह वाला जाने वाली सड़क पर गांव काउंनी के पास नाकाबंदी की थी. पुलिस ने दीप सिंह वाला की तरफ से आ रही होंडा सिटी को रुकने का इशारा किया. कार सवार युवकों ने पहले गाड़ी सड़क किनारे रोकी लेकिन कुछ ही देर बाद पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की. इसी दौरान कार बंद हो गई. पुलिस ने तुरंत वाहन को घेर लिया और उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया. आरोपियों की पहचान मंगल सिंह, अंकुश, सचिन उर्फ संजू और अनमोल सिंह के रूप में हुई.

गट्टे से मिले 42 पैकेट, डैशबोर्ड में हथियार

पुलिस को कार में रखे एक गट्टे पर शक हुआ. सूचना के बाद डीएसपी अवतार सिंह राजपाल की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई. गट्टे से हेरोइन के 42 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 47 किलो 332 ग्राम निकला. इसके अलावा कार के डैशबोर्ड में रखे लिफाफे से तीन विदेशी .30 बोर पिस्टल, मैगजीन और 15 कारतूस मिले. पुलिस ने चारों के खिलाफ थाना सादिक में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है.

सितंबर में 62 किलो हेरोइन की बरामदगी

एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि सितंबर में अब तक चार बड़े मामलों में करीब 62 किलो हेरोइन बरामद की गई है. इस दौरान 13 हथियार भी पुलिस के हाथ लगे हैं. पुलिस के अनुसार, सीमा पार से नशे और हथियारों की खेप आने के बाद उसे फरीदकोट के रास्ते आगे भेजने की कोशिश होती है. इस मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है. पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और लेन-देन की जानकारी जुटा रही है.