चंडीगढ़: प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को पंजाब के पटियाला और मोहाली जिलों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में पटियाला के एक कॉल सेंटर और मोहाली में एक आईपीएस अधिकारी से जुड़े ठिकाने शामिल हैं.
पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित एससीओ 29 में डीएम वेब सॉल्यूशन नाम के ऑफिस पर ईडी की टीम पहुंची. यहां कॉल सेंटर का काम चल रहा था. अधिकारियों की दो गाड़ियों वाली टीम सुबह से ही मौके पर पहुंच गई. उन्होंने आने-जाने वालों पर रोक लगा दी. बताया जा रहा है कि यह कॉल सेंटर दिन-रात चलता था. मौके पर करीब 15 से 20 अधिकारी मौजूद हैं.
दूसरी तरफ मोहाली के सेक्टर 82ए के प्लॉट नंबर 2010 पर भी छापेमारी हुई. कथित तौर पर यह जगह एक आईपीएस अधिकारी से जुड़ी है. ईडी की जांच में पता चला है कि करीब ढाई से तीन सौ करोड़ रुपये का लेन-देन विदेश में हुआ है. इसी सिलसिले में मोहाली का इनपुट मिला. मोहाली स्थित ऑफिस की मालकिन के भाई का पटियाला में ऑफिस था. डीएम वेब सॉल्यूशन के नाम से चल रहे इस ऑफिस के जरिए ट्रांजेक्शन होने की जांच चल रही है.
यह ऑफिस पहले फ्लाइंग फेदर के नाम से चलता था. पिछले कुछ महीनों में इसका नाम बदलकर डीएम वेब सॉल्यूशन कर दिया गया. फ्लाइंग फेदर का पुराना ऑफिस छोटी बरादरी, पटियाला में था, जिसे कुछ समय पहले बंद कर दिया गया था.
ईडी टीम दस्तावेज और कंप्यूटर सिस्टम की जांच कर रही है. कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. आगे की जांच जारी है और ज्यादा जानकारी सामने आने की उम्मीद है. यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध विदेशी लेन-देन के संदेह में की गई है. पंजाब में ईडी की यह बड़ी कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है.