पंजाब सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि 1 अगस्त से मोहाली से खाटू श्याम, सालासर धाम, ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए नई बस सेवाएं शुरू की जाएंगी. यह घोषणा उन्होंने मोहाली के सेक्टर-79 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित 'एक शाम भगवान शिव के नाम' भक्ति संध्या कार्यक्रम के दौरान की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की धार्मिक यात्रा योजना का उद्देश्य ऐसे श्रद्धालुओं को भी तीर्थ यात्रा का अवसर देना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से धार्मिक स्थलों तक नहीं पहुंच पाते.
सीएम मान ने बताया कि नई बस सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालु आसानी से प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं और बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराना सबसे बड़ा पुण्य है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और धार्मिक यात्रा योजना भी इसी सोच का हिस्सा है.
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब हमेशा से भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द की भूमि रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य में सभी धर्मों के लोग मिलकर त्योहार और धार्मिक आयोजन मनाते हैं तथा नफरत फैलाने वाली ताकतों के लिए यहां कोई स्थान नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से टैक्स के रूप में मिलने वाले धन का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अगस्त से मावां धीया सम्मान योजना के तहत करीब 40 लाख महिलाओं के मोबाइल फोन पर राशि मिलने के संदेश फिर से आने शुरू होंगे. उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इस योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक लगातार पहुंचाया जाएगा. इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के प्रांतीय नेता दीपक बाली और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.