menu-icon
India Daily

20 जुलाई से दौड़ेगी छपरा-पठानकोट स्पेशल ट्रेन, कई शहरों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा

रेलवे ने छपरा और पठानकोट के बीच नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. 20 जुलाई से शुरू होने वाली इस सेवा से पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के लिए सीधा रेल संपर्क मिलेगा.

KanhaiyaaZee
20 जुलाई से दौड़ेगी छपरा-पठानकोट स्पेशल ट्रेन, कई शहरों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा
Courtesy: Social Media

चंडीगढ़: यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने छपरा और पठानकोट के बीच नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन गोरखपुर मार्ग से संचालित होगी और बस्ती रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी. नई सेवा शुरू होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक होगा. रेलवे ने इसके संचालन का पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है.

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05193 छपरा से 20 जुलाई 2026 से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को चलाई जाएगी. यह दोपहर 2 बजे छपरा से रवाना होगी. रात 8:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और रात 9:59 बजे बस्ती स्टेशन पर पहुंचेगी. इसके बाद निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए अगले दिन रात 10:15 बजे पठानकोट पहुंचेगी.

वापसी का समय भी किया गया तय

ट्रेन संख्या 05194 पठानकोट से 22 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी. वापसी के दौरान यह दूसरे दिन रात 1:05 बजे बस्ती पहुंचेगी. इसके बाद गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, थावे और छपरा कचहरी होते हुए सुबह 9:15 बजे छपरा पहुंचेगी. रेलवे ने दोनों दिशाओं का विस्तृत समय पहले ही जारी कर दिया है.

इन प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन

नई स्पेशल ट्रेन गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना और जालंधर कैंट जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर चलेगी. इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड की यात्रा के लिए एक नया और सीधा रेल विकल्प मिलेगा. लंबे समय से ऐसी सेवा की मांग की जा रही थी.

19 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे. इनमें जनरेटर सह लगेज वैन, एलएसएलआरडी कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, एसी थर्ड इकोनॉमी, एसी थर्ड टियर और एसी सेकेंड टियर कोच शामिल रहेंगे. अलग अलग श्रेणी के डिब्बों से विभिन्न वर्गों के यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा का विकल्प मिलेगा.

यात्रियों को मिलेगा बेहतर रेल संपर्क

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार नई स्पेशल ट्रेन शुरू होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को उत्तर भारत के प्रमुख शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी. रेलवे का मानना है कि इस सेवा से यात्रा का समय बेहतर ढंग से नियोजित किया जा सकेगा और क्षेत्र के लोगों को अधिक सुगम रेल संपर्क का लाभ मिलेगा.