menu-icon
India Daily

17 जुलाई को शिवमय होगा पठानकोट, कैलाश खेर के भजनों के बीच भगवंत मान और केजरीवाल होंगे शामिल

पठानकोट में 17 जुलाई को 'एक शाम भगवान शिव के नाम' धार्मिक समागम आयोजित होगा. मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और भजन गायक कैलाश खेर शामिल होंगे. श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाओं और लंगर की व्यवस्था की गई है.

KanhaiyaaZee
17 जुलाई को शिवमय होगा पठानकोट, कैलाश खेर के भजनों के बीच भगवंत मान और केजरीवाल होंगे शामिल
Courtesy: Social Media

चंडीगढ़: पंजाब में सनातन संस्कृति के प्रचार प्रसार के उद्देश्य से आयोजित 'एक शाम भगवान शिव के नाम' धार्मिक समागमों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है. जालंधर, अमृतसर, बटाला और गुरदासपुर में सफल आयोजन के बाद अब पांचवां समागम 17 जुलाई को पठानकोट में होगा. आयोजकों का दावा है कि इस कार्यक्रम में भक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुति और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा. कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी.

पठानकोट में होगा पांचवां धार्मिक समागम

'एक शाम भगवान शिव के नाम' श्रृंखला का अगला आयोजन 17 जुलाई को पठानकोट में किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सनातन संस्कृति के प्रचार प्रसार की कड़ी का हिस्सा है. इससे पहले जालंधर, अमृतसर, बटाला और गुरदासपुर में चार समागम आयोजित किए जा चुके हैं. इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल विशेष रूप से शामिल होंगे. आयोजकों का कहना है कि दोनों नेता श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहेंगे और धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

कैलाश खेर की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण

इस धार्मिक समागम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक कैलाश खेर होंगे. वह मुंबई से विशेष रूप से पठानकोट पहुंचेंगे और भगवान शिव की भक्ति से जुडे भजन प्रस्तुत करेंगे. उनके कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. आयोजकों को उम्मीद है कि उनकी प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं. बैठने की पर्याप्त व्यवस्था के साथ गर्मी और उमस से राहत देने के लिए हवा और ठंडक की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा आकर्षक मंच तैयार किया जा रहा है, जहां भगवान शिव का स्वरूप स्थापित होगा. आधुनिक साउंड सिस्टम और सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था रहेगी.

एक अगस्त से शुरू होगा 'हमारे राम' नाटक

अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी कि 1 अगस्त से पूरे पंजाब में भगवान राम पर आधारित 'हमारे राम' नाटक का मंचन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस नाटक में भगवान राम और रावण से जुडे कई संवाद और प्रसंग दिखाए जाएंगे. इसमें अभिनेता आशुतोष राणा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने बताया कि दिल्ली में इस नाटक का टिकट महंगा था, लेकिन पंजाब में इसे सभी लोग निशुल्क देख सकेंगे.