menu-icon
India Daily

ट्रंप के दामाद का फोन किसने किया हैक? सऊदी-UAE से अरबों की सीक्रेट डील का सनसनीखेज दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर को लेकर एक रिपोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
ट्रंप के दामाद का फोन किसने किया हैक? सऊदी-UAE से अरबों की सीक्रेट डील का सनसनीखेज दावा
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में हैं. एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि व्हाइट हाउस में वरिष्ठ सलाहकार की भूमिका निभाने के दौरान उनके फोन की गतिविधियों पर डच खुफिया एजेंसियों की नजर थी. रिपोर्ट के अनुसार, इस निगरानी के दौरान खाड़ी देशों से जुड़े कुछ ऐसे वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली, जिनमें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इजरायल के नेताओं के नाम सामने आए.

डच जासूसों की निगरानी से जुड़ा दावा

वैनिटी फेयर की रिपोर्ट मैथ्यू कोल की आगामी किताब प्रिंसेस एंड थीव्स: जेरेड कुशनर एंड मोहम्मद बिन जायद्स सीक्रेट प्लॉट टू रीमेक द मिडिल ईस्ट के एक अंश पर आधारित है. इसमें दावा किया गया है कि ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान डच खुफिया एजेंसियों ने कुशनर के आईफोन की गतिविधियों पर नजर रखी. रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान UAE से जुड़े एक बैंक खाते तक उनकी कथित पहुंच की जानकारी मिली.

750 मिलियन डॉलर के खाते का जिक्र

रिपोर्ट के अनुसार, करीब 750 मिलियन डॉलर फर्स्ट अबू धाबी बैंक के एक खाते में ट्रांसफर किए गए थे. यह खाता UAE सरकार से वित्तपोषित वतनी अल एमारत फाउंडेशन से जुड़ा बताया गया है. दावा है कि कुशनर इस खाते पर हस्ताक्षर करने के लिए अधिकृत थे, लेकिन उसके मालिक नहीं थे. रिपोर्ट में खाते की देखरेख से जुड़े संदर्भ में तहनून बिन जायद का नाम भी आया है, जो UAE के शासक मोहम्मद बिन जायद के भाई हैं.

कुशनर ने आरोपों को बताया झूठा

कुशनर ने रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें मनगढ़ंत बताया. सोशल मीडिया मंच X पर उन्होंने कहा कि कल्पना और प्रचार को खोजी पत्रकारिता के रूप में पेश किया जा रहा है. उन्होंने आरोपों को गलत बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की. रिपोर्ट में शामिल दावों को अब तक किसी गलत काम का प्रमाण नहीं माना गया है. 

सऊदी और UAE के शाही परिवारों पर आरोप

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोहम्मद बिन जायद और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान एक ऐसे फंड की योजना से जुड़े थे, जिससे ट्रंप प्रशासन की विदेश नीति के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती थी. बताया गया है कि यह विचार आगे नहीं बढ़ा, लेकिन कुशनर से जुड़े दो खातों में कम से कम 2 अरब डॉलर जमा किए गए. रिपोर्ट में उनके निजी लाभ के लिए एक अन्य खाते से 1 अरब डॉलर ट्रांसफर किए जाने का भी आरोप है.