चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में सोमवार देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. हॉस्टल नंबर-2 के बाहर करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों के छात्र एक-दूसरे से भिड़ते रहे. इस दौरान लात-घूंसे चले और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हैरानी की बात यह रही कि कैंपस में पुलिस चौकी और यूनिवर्सिटी की सिक्योरिटी मौजूद होने के बावजूद विवाद काफी देर तक चलता रहा. जानकारी के मुताबिक
झड़प रात करीब 1 बजे शुरू हुई. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के छात्र आपस में भिड़ गए. बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष अपने-अपने साथियों के साथ पहले से हॉस्टल के बाहर पहुंचे थे. हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और झड़प की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही कुछ छात्र वहां से भागने लगे. घटना के वीडियो में PCR वाहन के पीछे कुछ छात्रों के भागने और पुलिसकर्मियों के पैदल उनका पीछा करने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने मौके से कुछ छात्रों को हिरासत में लिया. वीडियो में एक पुलिसकर्मी एक छात्र को पकड़कर अपने साथ ले जाता हुआ भी नजर आ रहा है.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ छात्र पुलिस और यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी की मौजूदगी में भी एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. दोनों पक्षों की ओर से लात-घूंसे चलाए गए. पुलिस और सिक्योरिटी कर्मचारियों ने छात्रों को अलग करने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रित किया.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक छात्र ने पूरी झड़प का वीडियो बना लिया. बाद में इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया. वीडियो में छात्रों के बीच मारपीट, पुलिस को देखकर भागते छात्र और पुलिस द्वारा कुछ छात्रों को पकड़कर ले जाने के दृश्य दिखाई देते हैं. वीडियो में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का गाना 'एक खटोला जेल के अंदर, एक खटोला जेल के बाहर' भी लगाया गया है.
पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में पुलिस चौकी के साथ यूनिवर्सिटी की अपनी सिक्योरिटी भी तैनात रहती है. इसके बावजूद हॉस्टल के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच करीब दो घंटे तक विवाद और मारपीट की स्थिति बनी रही. घटना के बाद कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
डीएसपी एसपीएस सोंधी ने बताया कि सोमवार रात पंजाब यूनिवर्सिटी से पुलिस कंट्रोल रूम को मारपीट की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया था. हालांकि दोनों पक्षों में से किसी ने भी पुलिस को शिकायत नहीं दी. शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस ने आगे की कार्रवाई नहीं की और हिरासत में लिए गए छात्रों को छोड़ दिया गया.