चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 से 22 जून तक पंजाब के तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उनका मुख्य फोकस पार्टी संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से संवाद करना और विभिन्न सामाजिक, धार्मिक तथा आर्थिक वर्गों के लोगों से मुलाकात करना रहेगा. भाजपा नेतृत्व इस दौरे को पंजाब में संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है.
दौरे की शुरुआत 20 जून को अमृतसर से होगी. नितिन नबीन श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद भाजपा की राज्य कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे. इसके बाद वह श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकेंगे और आशीर्वाद लेंगे. इसके साथ ही वह ऐतिहासिक जलियांवाला बाग का दौरा करेंगे. कार्यक्रम के तहत वह श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री रामतीर्थ वाल्मीकि मंदिर में भी श्रद्धा अर्पित करेंगे.
शाम के समय वह जालंधर पहुंचेंगे और वहां आयोजित रोड शो का नेतृत्व करेंगे. भाजपा नेताओं का मानना है कि यह रोड शो कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेगा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद करेगा.
दौरे के दूसरे दिन 21 जून को नितिन नबीन फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे. सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है. इसके बाद वह प्रमुख समाचार पत्रों के संपादकों के साथ संवाद करेंगे और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
जालंधर में वह दैनिक सवेरा की ओर से आयोजित संत समाज सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे. इसके बाद वह लुधियाना पहुंचेंगे और भाजपा के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे.
लुधियाना में नितिन नबीन शक्ति केंद्र प्रभारियों और वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे. जिसमें आगामी रणनीति, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा होगी. शाम को वह उद्योगपतियों के साथ विशेष बैठक कर आर्थिक और औद्योगिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे.
22 जून को अपने दौरे के अंतिम दिन नितिन नबीन प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री और पद्मश्री सम्मानित सरदारा सिंह जोहल से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे. भाजपा के अनुसार इस दौरे का उद्देश्य पंजाब में संगठन को और मजबूत करना और विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बढ़ाना है.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि यह दौरा पंजाब में नई शुरुआत का संकेत है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा राज्य में विकास, संगठन मजबूती और नई संभावनाओं को लेकर आगे बढ़ रही है. साथ ही उन्होंने पंजाब की वर्तमान सरकार पर कानून-व्यवस्था और आर्थिक चुनौतियों को लेकर सवाल भी उठाए.