menu-icon
India Daily

पठानकोट में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 पिस्तौल और 13 कारतूस के साथ दो युवक दबोचे

पठानकोट पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से तीन पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस अब हथियारों के इस्तेमाल और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है.

KanhaiyaaZee
पठानकोट में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 पिस्तौल और 13 कारतूस के साथ दो युवक दबोचे
Courtesy: Social Media

पठानकोट: पंजाब के पठानकोट में पुलिस की सतर्कता से अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है. नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें सवार दो युवकों के पास से तीन पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस मिले. गिरफ्तार आरोपितों में एक युवक जालंधर और दूसरा पठानकोट का रहने वाला है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसी आपराधिक वारदात के लिए लाए गए थे या फिर इन्हें आगे सप्लाई किया जाना था.

जानकारी के अनुसार पुलिस स्टेशन सदर पठानकोट की टीम सरना नहर की पटरी पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एक कार को संदेह के आधार पर रोका गया. वाहन में मौजूद दोनों युवकों के व्यवहार पर शक होने के बाद पुलिस ने उनकी गहन तलाशी ली.

तलाशी में मिले हथियार

तलाशी के दौरान पुलिस को तीन पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद हुए. बरामदगी के बाद दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया. प्रारंभिक जांच में आरोपित हथियारों से संबंधित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.

कौन हैं गिरफ्तार युवक?

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान साजन और प्रिंस गोस्वामी के रूप में हुई है. साजन जालंधर के संतोखपुरा इलाके का निवासी है, जबकि प्रिंस गोस्वामी पठानकोट के बावियां मोहल्ला क्षेत्र में रहता है. दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड और आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है.

रिमांड लेकर होगी पूछताछ

एसएसपी पठानकोट दलजिंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा. पूछताछ के दौरान हथियारों के स्रोत, सप्लाई चेन और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी. पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच कर रही है.

हथियारों के मकसद की पड़ताल

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियार किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए रखे गए थे या फिर इन्हें किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल दोनों आरोपित पुलिस हिरासत में हैं.