चंड़ीगढ़: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय पंजाब दौरे पर आने वाले हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार उनके कार्यक्रम में धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ संगठनात्मक बैठकों और चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श भी शामिल रहेगा.
जानकारी के मुताबिक नितिन नबीन 20 जून को पंजाब पहुंचेंगे. अपने दौरे की शुरुआत वह अमृतसर से करेंगे जहां वे सबसे पहले श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकेंगे. इसके बाद दुर्गियाना मंदिर में भी दर्शन करेंगे. भाजपा नेतृत्व धार्मिक और सामाजिक स्तर पर लोगों से जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश में जुटा है. ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व भी रखता है. पार्टी नेताओं का मानना है कि पंजाब के लोगों के साथ संवाद मजबूत करने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
पंजाब प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष विभिन्न शहरों का दौरा भी करेंगे. इस दौरान उनकी मुलाकात पार्टी पदाधिकारियों, जिला स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से होगी. बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है. भाजपा नेतृत्व राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने और संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पहलू 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि नितिन नबीन पार्टी नेताओं के साथ चुनावी अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे. इसके अलावा आगामी महीनों में जनता के बीच पहुंच बढ़ाने नए कार्यक्रमों की योजना बनाने और संगठन के विस्तार को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी. भाजपा पंजाब में अपनी स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से अभी से चुनावी तैयारी में जुट गई है और यह दौरा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.