menu-icon
India Daily

झारखंड से पंजाब पहुंची अफीम की खेप बठिंडा पुलिस ने पकड़ी, दो आरोपियों को भी दबोचा

बठिंडा पुलिस ने 4 किलो 100 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीले पदार्थ की सप्लाई झारखंड से की जा रही थी. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
झारखंड से पंजाब पहुंची अफीम की खेप बठिंडा पुलिस ने पकड़ी, दो आरोपियों को भी दबोचा
Courtesy: social media

पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक कार से 4 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद की है. मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है.

नाकाबंदी के दौरान हुई बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीआईए स्टाफ-2 और इंटेलिजेंस विंग की टीम बठिंडा-बरनाला रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस का कहना है कि चालक के व्यवहार पर संदेह होने के बाद वाहन की तलाशी ली गई. जांच के दौरान कार की डिक्की से 4 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद हुई. इसके बाद वाहन चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया.

पूछताछ में सामने आया दूसरा आरोपी

गिरफ्तार चालक की पहचान बलराज शर्मा उर्फ बब्बलू के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि वह यह खेप रामपुरा निवासी राज कुमार उर्फ मंदर तक पहुंचाने जा रहा था. आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने राज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

झारखंड कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अफीम की खेप झारखंड से पंजाब लाई गई थी. इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां सप्लाई चेन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुट गई हैं. पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है. अधिकारियों ने साफ किया है कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.