पंजाब के अमृतसर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को लगातार तीसरी बड़ी सफलता मिली है. काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने अमृतसर-तरनतारन रोड पर कार्रवाई करते हुए 17 किलो हेरोइन बरामद की और तीन संदिग्ध तस्करों को पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, यह खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए पहुंचाई गई थी.
काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने शुक्रवार रात एक सूचना के आधार पर फ्लाईओवर के पास नाका लगाया. पुलिस को जानकारी मिली थी कि क्रॉस-बॉर्डर तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन लोग ड्रोन से गिराई गई हेरोइन की खेप लेकर आगे डिलीवरी करने जा रहे हैं. कार को रोककर तलाशी ली गई तो 17 किलो हेरोइन मिली. इसके साथ ही एक सिल्वर मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की गई.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान प्रिंस, मलकीत सिंह और राजिंदर सिंह के रूप में हुई है. तीनों अमृतसर के रहने वाले बताए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद काउंटर इंटेलिजेंस की ओर से चार दिनों में की गई तीन बड़ी कार्रवाइयों में कुल 54 किलो हेरोइन बरामद हो चुकी है. इससे पहले 16 सितंबर को 27 किलो और 18 सितंबर को 10 किलो हेरोइन जब्त की गई थी.
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों के सीमा पार सक्रिय तस्करों के संपर्क में होने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को ड्रोन के जरिए पहुंचाई गई खेप मिली थी, जिसे आगे सप्लाई किया जाना था. अब जांच टीम इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है.
इस मामले में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और लिंक का भी पता लगाया जाएगा.