menu-icon
India Daily

मुंबई के लालबाग में गणपति उत्सव के बीच दर्दनाक हादसा, पंडाल के पास फैला करंट; 8 साल की बच्ची समेत 2 की मौत

मुंबई के लालबाग में गणपति पंडाल के पास रात करीब 3 बजे करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 8 साल की बच्ची रागनी यादव भी शामिल है. चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मसीना अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मुंबई के लालबाग में गणपति उत्सव के बीच दर्दनाक हादसा, पंडाल के पास फैला करंट; 8 साल की बच्ची समेत 2 की मौत
Courtesy: @UjjwalDobhal X Account

मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति पंडाल के पास करंट फैलने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में 8 साल की बच्ची समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं. हादसा रात करीब 3 बजे कालाचौकी के दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पंडाल के पास हुआ.

गणपति उत्सव के चलते लालबाग इलाके में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. ऐसे में पंडाल के पास करंट फैलने की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, बेस्ट और नगर निगम के संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे.

8 साल की बच्ची समेत दो की मौत

जानकारी के मुताबिक, हादसे में 8 साल की रागनी यादव की मौत हो गई. वहीं घटना में चार लोग घायल हुए हैं. घायलों की पहचान किरण अकबर नाइक, तन्वी नरेश, साहिल संदीप तारे और रूही सिंह के रूप में हुई है. सभी घायलों को इलाज के लिए बायकुला स्थित मसीना अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

पंडाल के पास भारी भीड़ के बीच हुआ हादसा

लालबाग मुंबई के प्रमुख गणपति उत्सव स्थलों में से एक है और गणेशोत्सव के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. हादसे के समय भी पंडाल के आसपास लोगों की मौजूदगी थी. करंट फैलने की सूचना के बाद संबंधित विभागों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. हादसे के कारणों को लेकर अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है. मामले में पुलिस और संबंधित विभागों की जांच जारी है.

एक दिन पहले युवक की हार्ट अटैक से हुई थी मौत

इससे एक दिन पहले भी लालबागचा राजा गणेश पंडाल के पास एक 25 वर्षीय युवक की मौत हुई थी. बताया गया कि पुणे का रहने वाला जयदीप मेघराज नेमाडे दोस्तों के साथ पंडाल के पास बैठा था, तभी उसे अचानक सीने में तकलीफ हुई.

लालबाग गणेशोत्सव मंडल के पदाधिकारी उसे एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अधिकारी के अनुसार कालाचौकी पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है. परिवार की ओर से किसी गड़बड़ी की शिकायत या संदेह जाहिर नहीं किया गया है.