पुणे: महाराष्ट्र के पुणे शहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेट्रो की बड़ी सौगात दी है. पीएम मोदी ने मंगलवार को पुणे मेट्रो की 23 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन का उद्घाटन किया है. इसके साथ ही उन्होंने मेट्रो के दूसरे फेज के तहत चार नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी है. इन सभी परियोजनाओं पर करीब 21,800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
बता दें कि नई मेट्रो लाइन शुरू होने से पुणे के IT हब हिंजेवाड़ी से शिवाजीनगर तक सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा. जो लोग रोज ऑफिस जाते हैं या फिर आम यात्रियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है. चलिए जानते हैं इस लाइन से किन इलाकों को फायदा होगा.
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi flags off the Pune Metro Line 3 connecting Maan-Hinjewadi to Shivajinagar via video conferencing. Maharashtra CM Devendra Fadnavis and Deputy CMs Eknath Shinde and Sunetra Ajit Pawar also attended the program. (Source: DD) https://t.co/vDAnSEeV4N
— ANI (@ANI) November 3, 2026Also Read
पुणे मेट्रो की पिंक लाइन का निर्माण 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है. यह मेट्रो कॉरिडोर मान से जिला न्यायालय मेट्रो स्टेशन तक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा. इस लाइन का सबसे बड़ा फायदा हिंजेवाड़ी आईटी हब में काम करने वाले लोगों को होगा. इस इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या के कारण लोगों को आने-जाने में काफी समय लगता है. मेट्रो सेवा शुरू होने से सड़क पर ट्रैफिक कम होगा और समय भी बचेगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे मेट्रो के फेज-2 के तहत चार नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी. इनमें लाइन 2A, लाइन 2B, लाइन 4 और लाइन 4A शामिल हैं. इन नए कॉरिडोर का उद्देश्य शहर के प्रमुख रिहायशी इलाकों, कमर्शियल सेक्टर और IT हब को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी देना है. इससे पुणे के पुराने और नए हिस्सों के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है.
PMO के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट किया गया है, जिसमें कहा गया कि IT, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप, इनोवेशन से लेकर मैन्यूफैक्चरिंग तक, पुणे देश के युवाओं के लिए सपनों और संकल्पों का स्थान है. ऐसे में मजबूत होती यहां की मेट्रो कनेक्टिविटी पुणे शहर के विकास को नई गति देने जा रही है.
IT, automobile, pharma, startups... Innovation से लेकर manufacturing तक, पुणे...देश के युवाओं के लिए सपनों और संकल्पों का स्थान है. और ऐसे में मजबूत होती यहां की metro connectivity...पुणे शहर के विकास को नई गति देने जा रही है: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 3, 2026
इस मेट्रो परियोजना की एक खास बात यह है कि पूरी पिंक लाइन का संचालन महिला ऑपरेटर करेंगी. यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इसके अलावा मेट्रो की कुल बिजली जरूरत का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा किया जाएगा. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुणे मेट्रो को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है.