menu-icon
India Daily

त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ पड़ा भारी, महाराष्ट्र में Zepto-Blinkit समेत 105 फूड लाइसेंस सस्पेंड

दिवाली से पहले महाराष्ट्र FDA ने खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर राज्यभर में 105 फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं. इनमें Zepto, Blinkit, बिरयानी बाय किलो और जंबो बर्गर जैसे आउटलेट शामिल हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ पड़ा भारी, महाराष्ट्र में Zepto-Blinkit समेत 105 फूड लाइसेंस सस्पेंड
Courtesy: Pinterest

दिवाली के त्योहार से पहले महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाकर 105 फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं. इस कार्रवाई में Zepto और Blinkit जैसी क्विक कॉमर्स कंपनियों के आउटलेट्स भी शामिल हैं. इसके अलावा बिरयानी बाय किलो, टॉसिन पिज्जा और जंबो बर्गर जैसे फूड ब्रांड पर भी कार्रवाई की गई है.

FDA ने 4 और 5 नवंबर को महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया था. इस दौरान खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों की पहचान की गई. अकेले मुंबई में 28 फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लाइसेंस निलंबित किए गए. इनमें Zepto का वर्ली आउटलेट और Blinkit (Blink Commerce Pvt Ltd) शामिल हैं. अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया.

महाराष्ट्र में सात प्रतिष्ठानों को बंद करने का आदेश

लाइसेंस निलंबित करने के अलावा FDA ने राज्य के सात प्रतिष्ठानों को पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया है. इनमें पुणे के तीन, अमरावती के दो और मुंबई व कोंकण क्षेत्र के एक-एक प्रतिष्ठान शामिल हैं. मुंबई के बोरीवली स्थित राजधानी बिरयानी सेंटर को भी FSSAI के नियमों का उल्लंघन करने के चलते बंद करने का आदेश दिया गया है.

इसके अलावा नागपुर के कामठी रोड स्थित D-Mart आउटलेट पर भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई. यहां लाइसेंस की शर्तों का पालन नहीं किए जाने पर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया. FDA की टीम ने जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके सुरक्षित भंडारण से जुड़े नियमों का भी निरीक्षण किया.

1.35 करोड़ रुपये से ज्यादा का खाद्य स्टॉक जब्त

इस विशेष अभियान के दौरान FDA ने 69 से अधिक प्रतिष्ठानों से 1.35 करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य का खाद्य स्टॉक जब्त किया है. अधिकारियों को आशंका है कि जब्त किए गए खाद्य पदार्थ असुरक्षित या मिलावटी हो सकते हैं. इसके अलावा प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन FIR दर्ज की गई हैं. मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और दो वाहनों को भी जब्त किया गया है.

FDA कमिश्नर ने कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी

महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने कारोबारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कमिश्नर के मुताबिक, यदि असुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो कानून के तहत दोषी को आजीवन कारावास और 10 लाख रुपये तक के जुर्माने की सजा हो सकती है. दिवाली से पहले हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और लोगों को मिलावटी व असुरक्षित खाने से बचाना है.