Manoj Jarange : मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मनोज जारांगे ने मुंबई कूच का ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी रोज करीब 100 किलोमीटर चलेंगे. 19 सितंबर सुबह 10 बजे आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू होगी.
जारांगे के मुताबिक मार्च 15 सितंबर को बीड के पटोदा से शुरू होगा. 16 सितंबर को श्रीगोंदा, 17 सितंबर को पुणे के हडपसर और 18 सितंबर को रायगढ़ के खोपोली में पड़ाव रहेगा. इसके बाद प्रदर्शनकारी नवी मुंबई के खोपरखैरने पहुंचेंगे और फिर दक्षिण मुंबई की तरफ बढ़ेंगे. जारांगे ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा और किसी को पत्थरबाजी या आगजनी नहीं करनी है. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से गाड़ियों को सही तरीके से चलाने और तय नियमों का पालन करने को कहा.
जारांगे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से प्रदर्शनकारियों के रास्ते में रुकावट नहीं डालने की अपील की. उन्होंने कहा कि अगर पुलिस बैरिकेड लगाकर रोकती है तो प्रदर्शनकारी वहीं बैठ जाएं, लेकिन बैरिकेड को नुकसान न पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी दूसरा रास्ता तलाशकर आगे बढ़ें. जारांगे ने सरकार पर गैजेट से जुड़ी मांग पूरी नहीं करने और 58 लाख कुनबी रिकॉर्ड के आधार पर प्रमाण पत्र जारी नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने इसे मराठा समाज की आखिरी लड़ाई बताया.
जारांगे ने कहा कि 19 सितंबर सुबह 10 बजे आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू होगी. उनकी मुख्य मांगों में ऐसा सरकारी प्रस्ताव शामिल है, जिससे पुराने रिकॉर्ड और गैजेट के आधार पर मराठा समुदाय कुनबी के लिए मिलने वाले OBC आरक्षण का लाभ ले सके. OBC संगठनों इसका विरोध कर रहे हैं. पिछले साल जारांगे के आंदोलन से मुंबई के कई इलाकों में असर पड़ा था. शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने तत्काल रोक लगाने से इनकार करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना अधिकार है.