menu-icon
India Daily

कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर SBI के कैश काउंटर से उड़ाए 4 लाख, 30 मिनट में आरोपी गिरफ्तार

नागपुर के सक्करदरा इलाके में SBI की शाखा में एक युवक ने कथित तौर पर कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर करीब 4 लाख रुपये लूट लिए. वारदात CCTV में कैद हो गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर SBI के कैश काउंटर से उड़ाए 4 लाख, 30 मिनट में आरोपी गिरफ्तार
Courtesy: @Sachingupta X Account

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI की एक शाखा में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है. सक्करदरा इलाके में एक युवक बैंक में ग्राहक बनकर पहुंचा और कथित तौर पर कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर करीब 4 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया. हालांकि CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी को करीब 30 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया.

घटना के समय बैंक में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था. इसी दौरान एक युवक आम ग्राहक की तरह बैंक के अंदर दाखिल हुआ. वह कैश काउंटर के पास पहुंचा और कुछ देर तक मौके का इंतजार करता रहा. इसके बाद उसने अचानक पॉलीथिन में रखा मिर्च पाउडर बैंक कर्मचारियों की आंखों में डाल दिया.

मिर्च पाउडर डालते ही बैंक में मची अफरा-तफरी

कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर पड़ते ही जलन होने लगी और बैंक के अंदर अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान आरोपी ने कैश काउंटर से करीब 4 लाख रुपये की नकदी उठाई और बैंक से बाहर निकलकर फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही सक्करदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बैंक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. फुटेज में आरोपी की गतिविधियां कैद हो गई थीं. पुलिस ने इसी आधार पर उसकी पहचान और तलाश शुरू की.

30 मिनट में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

पुलिस के मुताबिक, वारदात के करीब 30 मिनट के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से लूटी गई करीब 4 लाख रुपये की रकम भी बरामद कर ली गई है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की पूरी कहानी पता लगाने में जुटी है.

पुलिस ने आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में की है. पुलिस के अनुसार आरोपी BSc पास है और फिलहाल बेरोजगार है. वह नागपुर के ग्रामीण इलाके का रहने वाला बताया गया है.

अकेले बनाई थी लूट की योजना या कोई और भी था?

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने बैंक लूट की योजना कब बनाई थी और उसे बैंक की नकदी के बारे में कैसे जानकारी मिली. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था.

इसके अलावा आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. दिनदहाड़े बैंक में घुसकर कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालना और लाखों रुपये लेकर फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है.