menu-icon
India Daily

उज्जैन में शाही मस्जिद पर फिर चला काम, हिस्सा हटाने की प्रक्रिया जारी; 7-8 दिन में पूरा होगा पूरा ऑपरेशन

धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंहस्थ 2028 महाकुंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं. शहर में सड़कें चौड़ी करने और दूसरी जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम चल रहा है.

Shilpa Shrivastava
उज्जैन में शाही मस्जिद पर फिर चला काम, हिस्सा हटाने की प्रक्रिया जारी; 7-8 दिन में पूरा होगा पूरा ऑपरेशन
Courtesy: X

उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंहस्थ 2028 महाकुंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं. शहर में सड़कें चौड़ी करने और दूसरी जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम चल रहा है. इसी के तहत शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की प्रक्रिया मंगलवार सुबह से दोबारा शुरू की गई. मस्जिद कमेटी और प्रशासन के बीच हुई बातचीत के बाद सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे हिस्से को हटाने पर सहमति बनी है. प्रशासन की ओर से इलाके में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं.

मुस्लिम पक्ष ने सहयोग पर जताई सहमति:

नुमाइंदा कमेटी के सदस्य फहीम सिकंदर के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन, शहर काजी और मस्जिद कमेटी के अधिकारियों के बीच कई दौर की बैठकें हुईं. इन बैठकों के बाद सड़क चौड़ीकरण के काम में सहयोग करने पर सहमति बनी. सिकंदर ने कहा कि मुस्लिम समाज सिंहस्थ महाकुंभ के लिए चल रहे विकास कार्यों का सम्मान करता है और सड़क चौड़ीकरण में सहयोग कर रहा है.

उनके मुताबिक, मस्जिद कमेटी की कोशिश रही कि धार्मिक स्थल को कम से कम नुकसान पहुंचे. लेकिन सड़क परियोजना के लिए जरूरी हिस्से को हटाने का फैसला आपसी सहमति से लिया गया.

खुद हटाया जा रहा है मस्जिद का प्रभावित हिस्सा:

बताया गया कि शुरुआत में प्रशासन की ओर से भारी मशीनें नहीं लगाई गई थीं. मस्जिद से जुड़े लोगों ने खुद आगे आकर दीवार के प्रभावित हिस्से को हटाना शुरू किया. हालांकि, मस्जिद का कितना हिस्सा हटाया जाएगा, इसे लेकर अलग-अलग स्तर पर चर्चा हुई. मुस्लिम पक्ष के वकील के अनुसार, प्रशासन पहले करीब 9.5 फीट हिस्सा हटाने की बात कर रहा था, लेकिन बातचीत के बाद लगभग 3 फीट हिस्सा हटाने पर सहमति बनी.

विरोध और पथराव के बाद स्थिति शांत:

सोमवार रात तक मस्जिद के हिस्से को हटाने के फैसले की पूरी जानकारी सभी लोगों तक नहीं पहुंच सकी थी. इसके बाद कुछ इलाकों में विरोध और पथराव की स्थिति बनी. बाद में वरिष्ठ सदस्यों ने लोगों को समझाया कि हिस्सा हटाने की प्रक्रिया आपसी सहमति और स्वेच्छा से की जा रही है. इसके बाद स्थिति शांत हो गई. मस्जिद कमेटी के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया में करीब सात से आठ दिन लग सकते हैं. जरूरत पड़ने पर मशीनों का इस्तेमाल भी किया जाएगा.

इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम:

मंगलवार सुबह से शाही मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई. पुलिस का घुड़सवार दस्ता भी इलाके में गश्त करता दिखाई दिया. उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. कलेक्टर के अनुसार, फिलहाल स्थिति शांत और नियंत्रण में है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही है.

सिंहस्थ से पहले विकास कार्यों पर जोर:

उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ होना है. इसे देखते हुए शहर में सड़क, यातायात, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम किए जा रहे हैं. शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया भी इसी सड़क चौड़ीकरण परियोजना का हिस्सा है. प्रशासन का फोकस अब काम को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा करने और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है.