menu-icon
India Daily

अमेरिका में भरभराकर गिरी इमारत, दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

अमेरिका के ब्रुकलिन में एक इमारत गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए. हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अमेरिका में भरभराकर गिरी इमारत, दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
Courtesy: X

अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ब्रुकलिन में एक इमारत गिरने की दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो सामने आया है. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसे से कुछ सेकंड पहले और उसके दौरान के दृश्य रिकॉर्ड हुए. इस दुर्घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हुए. मृतकों में 9 और 10 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं. यह वीडियो स्थानीय मीडिया संस्थानों गोथमिस्ट और सीबीएस न्यूज ने हासिल किया है. फुटेज 1321 फ्लैटबश एवेन्यू स्थित इमारत की तीसरी मंजिल पर रहने वाले एंडरसन वेलेज़ के घर का है. इमारत के बगल में निर्माण कार्य चल रहा था और इसी दौरान बिल्डिंग ढह गई.

मां की आवाज सुनकर दीवार से दूर भागा बच्चा

छह सेकंड के वीडियो की शुरुआत में वेलेज़ का 9 साल का बेटा फ्रिज से दूध निकालता दिखाई देता है. वहीं, उसका 2 साल का छोटा भाई फर्श पर खेल रहा होता है. तभी उनकी मां लिविंग रूम का दरवाजा खोलकर घबराते हुए चिल्लाती हैं. आवाज सुनकर बड़ा बेटा दीवार से दूर मां की तरफ भागता है. इसके कुछ ही पल बाद दीवार ढह जाती है. वेलेज़ के मुताबिक, बेटे का उस समय दीवार से दूर भागना उसकी जान बचाने में मददगार साबित हुआ. हालांकि, उनका 2 साल का बेटा मलबे की चपेट में आ गया.

पिता को फोन पर मिली हादसे की खबर

हादसे के वक्त वेलेज़ काम के सिलसिले में ब्रोंक्स में थे. उन्हें पत्नी का घबराया हुआ फोन आया. उनकी पत्नी मलबे में दबे दोनों बच्चों को बाहर निकालने के लिए बचावकर्मियों से मदद मांग रही थीं. राहत की बात यह रही कि छोटे बेटे को मलबे से निकाल लिया गया. उसके माथे और पैरों पर मामूली खरोंचें आईं. हालांकि, उसका पूरा शरीर मिट्टी और धूल से ढका हुआ था.

पत्नी और बड़ा बेटा अस्पताल में भर्ती

वेलेज़ की पत्नी को पसलियों, रीढ़ और कॉलरबोन में गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, 9 साल के बेटे की सर्जरी हुई है और वह अब भी आईसीयू में भर्ती है. वेलेज़ ने बताया कि वह अपने बेटे के लिए खुद को मजबूत रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हादसे के बाद से सदमे में हैं.

बेघर आश्रय से नए घर में आए थे

वेलेज़ ने बताया कि उनका परिवार इसी महीने एक बेघर आश्रय गृह से निकलकर इस अपार्टमेंट में रहने आया था. हादसे के बाद परिवार को अपना घर छोड़ना पड़ा है. फिलहाल प्रशासन ने उन्हें ब्रुकलिन के एक होटल में ठहराया है. इस बीच, न्यूयॉर्क अग्निशमन विभाग (FDNY) ने गुरुवार दोपहर बताया कि घटनास्थल पर तलाशी और बचाव अभियान पूरा हो गया है. अधिकारियों ने पुष्टि की कि मलबे में अब कोई अन्य पीड़ित नहीं है.