menu-icon
India Daily

10 FIR...5 गिरफ्तार! उज्जैन के शाही मस्जिद विवाद में पथराव के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन

उज्जैन में शाही मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने के दौरान विवाद बढ़ गया. पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. मामले में 10 FIR दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
10 FIR...5 गिरफ्तार! उज्जैन के शाही मस्जिद विवाद में पथराव के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन
Courtesy: Social Media

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर तनाव की स्थिति बन गई. मार्ग चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिस और कुछ लोगों के बीच झड़प हुई. भीड़ की ओर से पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. इस मामले में अब तक 10 FIR दर्ज की गई हैं और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.

मार्ग चौड़ीकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद

उज्जैन मास्टर प्लान 2035 के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है. शाही मस्जिद का करीब 10 फीट हिस्सा इस निर्धारित सीमा में आ रहा है. इसी हिस्से को हटाने के लिए सोमवार को प्रशासन कार्रवाई करने पहुंचा था. बातचीत के बाद मुस्लिम समाज के लोग खुद बाधक हिस्सा हटाने के लिए आगे आए, लेकिन मौके पर नारेबाजी और विरोध के बाद स्थिति बिगड़ गई.

पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की और पुलिस पर पथराव किया. इस घटना में क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल को चोट लगी. स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. घटना के बाद मुस्लिम समाज का एक वर्ग आगर नाके पर भी जमा हुआ. पुलिस ने मामले में 10 FIR दर्ज की हैं, जबकि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

शहर काजी ने लोगों से की अपील

शहर काजी खलीर्कुरहमान ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही बातचीत के जरिए हल हो चुका है. उन्होंने लोगों से बिना वजह बाजार में नहीं जाने और भीड़ का हिस्सा नहीं बनने को कहा. प्रशासन ने भी लोगों से सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.

सिंहस्थ से पहले सड़क चौड़ीकरण पर जोर

कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को देखते हुए शहर में कई निर्माण कार्य चल रहे हैं. श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए मास्टर प्लान के अनुसार सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है. यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट को जोड़ता है. प्रशासन के अनुसार धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए इस मार्ग को सुगम बनाना जरूरी है.