भोपाल में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक युवक ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहचान बदलकर युवती से संपर्क बढ़ाया और बाद में उसे शादी के लिए मजबूर करने की कोशिश की. दिल्ली रेलवे स्टेशन पर युवक की सच्चाई सामने आने के बाद पूरा मामला खुला. भोपाल पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और युवती को सुरक्षित वापस बरामद कर लिया.
भोपाल के निशातपुरा इलाके में रहने वाली 20 वर्षीय युवती की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी. युवक ने खुद को क्रिश जैन बताया और अपना संबंध लखनऊ से बताया. धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ गया. कुछ समय बाद युवक भोपाल के करोंद इलाके में आकर रहने और काम करने लगा.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को मिलने के बहाने करोंद चौराहे पर बुलाया. इसके बाद वह उसे भोपाल रेलवे स्टेशन ले गया और दोनों दिल्ली के लिए रवाना हो गए. जब युवती काफी समय तक घर नहीं लौटी तो परिवार ने निशातपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने युवक और युवती की तस्वीरें जुटाईं और उन्हें अलग अलग रेलवे पुलिस थानों में भेजा. पुलिस को युवक की गतिविधियों पर पहले से शक था. फोटो साझा करने के बाद दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दोनों की मौजूदगी की जानकारी मिली. इसके बाद भोपाल पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और कार्रवाई की.
दिल्ली रेलवे स्टेशन पर युवक ने युवती से मस्जिद में निकाह करने की बात कही. इसी दौरान युवती को युवक की पहचान पर संदेह हुआ और विवाद शुरू हो गया. मौके पर मौजूद दिल्ली जीआरपी ने दोनों को रोककर पूछताछ की. जांच में सामने आया कि युवक का नाम क्रिश जैन नहीं बल्कि जुम्मन अंसारी है.
पूछताछ और पहचान की पुष्टि के बाद भोपाल पुलिस ने आरोपी जुम्मन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. युवती को सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है.