भोपाल: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से रूह कंपा देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है. जिले के एक सुदूर गांव में शुक्रवार को दिन-दहाड़े एक सनकी प्रेमी ने मर्यादाओं की सारी हदें पार कर दीं. उसने एक 17 साल की नाबालिग लड़की के घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से बेरहमी से हमला किया. इस दिल दहला देने वाले कृत्य के बाद आरोपी ने घायल लड़की को बालों से घसीटा और उसे घर की छत से नीचे लटका कर मारने का प्रयास किया.
घटना के वक्त पीड़ित नाबालिग अपने घर में पूरी तरह अकेली थी. इसी बात का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार जबरन दीवार लांघकर घर के भीतर दाखिल हो गया. उसने बिना कुछ सोचे-समझे लड़की के सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से लगभग 20 बार ताबड़तोड़ वार किए. इसके बाद वह लहूलुहान हालत में तड़पती हुई लड़की को घसीटते हुए छत पर ले गया और उसके गले में फंदा डालकर नीचे लटकाने लगा.
इस पूरी वारदात का एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल इस फुटेज में साफ दिख रहा है कि खून से लथपथ और अर्धचेतन अवस्था में होने के बावजूद लड़की अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रही थी. इसी दौरान अचानक रस्सी आरोपी के हाथ से छूट गई और लड़की सीधे जमीन पर गिर पड़ी. इसके बाद आरोपी भी छत से नीचे कूद गया.
Predator Hacks 17 y/o Girl 20 Times With Axe, Hangs Her From Roof
— زماں (@Delhiite_) June 6, 2026
📍 Shivpuri, Madhya Pradesh
Accused Dharmendra Parihar allegedly struck a 17 y/o girl nearly 20 times with an axe, then dragged her to the rooftop and hanged her by the neck. The victim, in critical condition,… pic.twitter.com/KLcOuI7r3C
लड़की की दर्दनाक चीखें सुनकर जब आसपास के पड़ोसी उसके घर की तरफ दौड़े, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जमीन पर खून का फव्वारा छूटा हुआ था और लड़की तड़प रही थी. ग्रामीणों ने तत्काल पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर कई टांके लगाए हैं. फिलहाल उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. दूसरी तरफ, ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि धर्मेंद्र परिहार पिछले कई हफ्तों से लड़की को लगातार रास्ते में रोककर परेशान और प्रताड़ित कर रहा था. इस हैवानियत से नाराज होकर ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने आरोपी के मकान को तुरंत बुलडोजर से ढहाने की मांग को लेकर मुख्य हाईवे पर करीब सात घंटे तक लंबा चक्काजाम किया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच के ठोस आश्वासन के बाद ही जाम खुल सका.