menu-icon
India Daily

10 घंटों में 42 शिकार! इंदौर में आवारा कुत्ते के हमलों से मचा हड़कंप

इंदौर के सांवेर रोड इलाके में एक आवारा कुत्ते ने 10 घंटे में 42 लोगों को काटकर दहशत फैला दी. गंभीर रूप से घायल 16 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जिसके बाद नगर निगम ने अलर्ट जारी कर कुत्ता पकड़ने का अभियान शुरू किया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
10 घंटों में 42 शिकार! इंदौर में आवारा कुत्ते के हमलों से मचा हड़कंप
Courtesy: social media

इंदौर: शहर के सांवेर रोड इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक आवारा कुत्ते ने महज 10 घंटे के भीतर आतंक मचाते हुए 42 लोगों को अपना शिकार बना लिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में खौफ का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं.

बताया जा रहा है कि इस खूंखार कुत्ते ने लगभग आठ किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग जगहों पर लोगों पर अचानक हमला किया. इस हमले में घायल हुए 42 लोगों में से 16 की हालत काफी गंभीर है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. शिकार होने वालों में पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग सभी शामिल हैं.

खौफनाक मंजर का वीडियो हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर इस खौफनाक मंजर के कई सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में कुत्ता एक रिहायशी इलाके में अचानक एक राहगीर पर झपटता हुआ दिख रहा है तो वहीं दूसरी क्लिप में वह सड़क पर चल रही एक महिला को दौड़ाकर काट लेता है. एक अन्य जगह पर इस कुत्ते ने ऑफिस के बाहर ड्यूटी कर रहे सिक्योरिटी गार्ड पर भी हमला कर दिया. इन वीडियो ने स्थानीय लोगों की चिंता को और ज्यादा बढ़ा दिया है.

लोगों का प्रशासन पर फूटा गुस्सा

इस घटना के बाद इलाके के लोगों का गुस्सा नगर निगम और स्थानीय प्रशासन पर फूट पड़ा है. लोगों का आरोप है कि उन्होंने कुत्ते के आक्रामक रवैये के बारे में अधिकारियों को पहले ही खबर दी थी लेकिन समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया. लोगों का मानना है कि अगर प्रशासन ने फुर्ती दिखाई होती तो इतने सारे लोग जख्मी होने से बच जाते. पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से जनता की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.

हंगामे के बाद हरकत में आया नगर निगम

हंगामा बढ़ने के बाद नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें हरकत में आई हैं और कुत्ते को पकड़ने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है. प्रशासन ने इलाके में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. गाइडलाइन में कहा गया है कि लोग फिलहाल आवारा जानवरों के पास जाने से बचें और यदि कोई ऐसी घटना होती है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर अब लोग सरकार से किसी स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.