menu-icon
India Daily

रायसेन में दो बसों की आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर, 5 की दर्दनाक मौत; 20 से अधिक घायल

रायसेन-भोपाल मार्ग पर बिलखिरिया के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
रायसेन में दो बसों की आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर, 5 की दर्दनाक मौत; 20 से अधिक घायल
Courtesy: Pinterest

रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन-भोपाल मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. बिलखिरिया के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब दो यात्री बसें आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह अनियंत्रित होकर पास की पुलिया से जा टकराई.

मिली जानकारी के अनुसार एक बस रायसेन से भोपाल की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस भोपाल से सागर जिले के केसली के लिए रवाना हुई थी. सुबह करीब 11:30 बजे बिलखिरिया के पास दोनों बसें आमने-सामने आ गईं और तेज रफ्तार के कारण भीषण टक्कर हो गई. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद बसों में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. कई यात्री सीटों और बस के क्षतिग्रस्त हिस्सों में फंस गए. कुछ लोगों को गंभीर चोटें आईं, जबकि कई यात्रियों को मामूली चोटें लगीं. स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया और पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. बचावकर्मियों ने बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है. प्रशासन ने घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे 146 का यह हिस्सा सिंगल लेन है और यहां भारी यातायात का दबाव बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और यातायात प्रबंधन की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.

रायसेन कलेक्टर ने क्या दिए निर्देश?

घटना की जानकारी मिलते ही रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. प्रशासन की निगरानी में राहत कार्य जारी रहा.