menu-icon
India Daily

लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी, 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंचे 1835 करोड़

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगर मालवा से लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त के रूप में 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपये भेजे. जिले को 226 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी मिली.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी, 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंचे 1835 करोड़
Courtesy: social media

मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी कर दी गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम से 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए. इस दौरान जिले के लिए 226 करोड़ रुपये के 33 विकास कार्यों की घोषणा भी की गई.

लाड़ली बहनों के खातों में पहुंची 1835 करोड़ की राशि

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को हर महीने बिना परेशानी के 1500 रुपये की सहायता दे रही है. उन्होंने दावा किया कि अब तक करीब 55 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि बहनों के बैंक खातों तक पहुंचाई जा चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है.

आगर मालवा को 226 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान आगर मालवा जिले के लिए 226 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 विकास कार्यों की सौगात दी गई. इसके अलावा 28 करोड़ रुपये के 17 कार्यों का लोकार्पण भी किया गया. मुख्यमंत्री ने बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति तथा कल्याण की कामना की. उन्होंने क्षेत्र में सड़क, धार्मिक पर्यटन और दूसरी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया.

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब चार लाख महिलाएं लघु उद्योगों की इकाइयां स्थापित कर रही हैं. स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब कारोबार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने नमो दीदी, ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक तरक्की परिवार और प्रदेश दोनों के विकास में अहम भूमिका निभाती है.

17 सितंबर को घर-घर दीप जलाने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को घर-घर दीप जलाकर उत्सव मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार किसान, महिला, युवा और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है. साथ ही पशुपालन, मुर्गी पालन और बकरी पालन जैसे विकल्पों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की तरक्की के बिना मध्य प्रदेश की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है.