इंदौर के ऐतिहासिक अनंत चतुर्दशी झांकी चल समारोह को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया है. शहर में होने वाले इस बड़े आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को छह संभाग, 12 जोन और 22 सेक्टर में बांटा जाएगा. बुधवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की. प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी. इसके अलावा तकनीकी निगरानी के जरिए भी पूरे समारोह पर नजर रखी जाएगी.
चल समारोह के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर वॉच टावर बनाए जाएंगे. यहां तैनात पुलिसकर्मी CCTV और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए गतिविधियों पर नजर रखेंगे. इसके अलावा प्रमुख मार्गों के आसपास मौजूद बहुमंजिला इमारतों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. वहां से दूरबीन और कैमरों के जरिए भीड़ और आसपास के इलाकों की निगरानी की जाएगी.
पूरे समारोह के दौरान ड्रोन यूनिट भी सक्रिय रहेगी. ड्रोन से मिलने वाले फुटेज पर विशेष वॉचर्स नजर रखेंगे. किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर संबंधित पुलिस टीम को तत्काल सूचना देने की व्यवस्था रहेगी.
पुलिस ने चिह्नित गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं. किसी तरह का विवाद, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने झांकियों और अखाड़ों के आयोजकों को भी कई जरूरी निर्देश दिए हैं. सभी वाहनों की फिटनेस और मैकेनिकल जांच पहले कराने को कहा गया है.
झांकी में शामिल वाहनों के लिए विद्युत व्यवस्था से जुड़ा सुरक्षा प्रमाणपत्र लेना भी जरूरी होगा. प्रत्येक वाहन में वैध लाइसेंसधारी चालक के साथ एक स्पेयर ड्राइवर रखने के निर्देश दिए गए हैं. चल समारोह में शामिल वाहन चालकों की ब्रीद एनालाइजर से जांच की जाएगी. यदि किसी चालक के शराब या अन्य नशे के सेवन की पुष्टि होती है तो उसे वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजकों को पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्ट्रेचर और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.