अशोकनगर: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया. विक्रमपुर गांव में एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई. मृतकों में देव 9 वर्ष, त्रिवेद 7 वर्ष, महादेव 6 वर्ष और प्रियांशु 4 वर्ष शामिल हैं. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के मुताबिक चारों बच्चे सोमवार सुबह करीब 9 बजे घर से खेत की ओर घूमने के लिए निकले थे. काफी समय बीतने के बाद भी जब बच्चे घर वापस नहीं पहुंचे, तो परिजनों को उनकी चिंता हुई. इसके बाद परिवार के लोग बच्चों की तलाश में खेत की ओर पहुंचे. दोपहर करीब 1 बजे खेत के पास स्थित कुएं में एक बच्चे का शव दिखाई दिया.
परिजनों ने तुरंत कुएं से बच्चे को बाहर निकाला. इसके बाद जब कुएं में गहराई तक तलाश की गई, तो तीन अन्य बच्चों के शव भी पानी में मिले. एक साथ चार बच्चों की मौत की खबर सामने आते ही परिवार और गांव में चीख-पुकार मच गई.
प्रशासन और स्थानीय लोगों की शुरुआती आशंका है कि कुएं के पास पहुंचने के दौरान सबसे पहले एक बच्चा पानी में गिर गया होगा. उसे डूबता देखकर बाकी भाइयों ने उसे बचाने की कोशिश की होगी. इसी दौरान एक के बाद एक तीन अन्य बच्चे भी कुएं में गिर गए या पानी में उतर गए और सभी हादसे का शिकार हो गए. हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी.
बताया गया कि हादसे के समय बच्चों के पिता मजदूरी के लिए गांव में गए हुए थे, जबकि उनकी मां मायके में एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने गई थीं. इस वजह से चारों बच्चे घर पर अकेले थे और बाद में खेत की ओर चले गए. चारों बच्चे बलवीर कुशवाहा के पुत्र थे. बताया गया कि परिवार में उनकी कोई बेटी नहीं थी और ये चारों बेटे ही माता-पिता के जीवन का सहारा थे. एक ही हादसे में चारों बच्चों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों के शवों को बाहर निकलवाया और उन्हें अस्पताल भिजवाया. पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटना की जानकारी जुटाई.