menu-icon
India Daily

उज्जैन में CM ने अपने ही घर से शुरू की कार्रवाई, सड़क चौड़ीकरण की जद में आए पैतृक आवास पर खुद चलाया फावड़ा

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण अभियान शुरू किया गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी शुरुआत अपने पैतृक मकान के प्रभावित हिस्से को हटाकर की.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
उज्जैन में CM ने अपने ही घर से शुरू की कार्रवाई, सड़क चौड़ीकरण की जद में आए पैतृक आवास पर खुद चलाया फावड़ा
Courtesy: @MANJULtoons X Account

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण अभियान शुरू हो गया है. इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने ही पैतृक आवास के प्रभावित हिस्से को हटाकर की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने खुद फावड़ा चलाया और घर के हिस्से को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू करवाई. मौके पर वह भावुक भी नजर आए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल की नगरी के विकास के आगे कोई पद आड़े नहीं आएगा. विकास की राह में आम और खास सभी के लिए नियम समान हैं. उन्होंने अपने पैतृक मकान से सड़क चौड़ीकरण अभियान की शुरुआत कर इसका संदेश दिया.

पूजा के बाद खुद चलाया फावड़ा

मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे अपने पैतृक आवास पहुंचे. करीब 960 वर्ग फीट जमीन पर बने दो मंजिला मकान के प्रभावित हिस्से को हटाने से पहले विधिवत पूजन-अर्चना की गई. इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद फावड़ा चलाकर कार्रवाई की शुरुआत की.

यह मकान वर्ष 1974 में मुख्यमंत्री के दादा स्वर्गीय रामचंद्र यादव ने बनवाया था. हालांकि, पिछले कई वर्षों से यादव परिवार का कोई सदस्य इस मकान में नहीं रह रहा था.

730 मीटर लंबी सड़क होगी चौड़ी

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने यानी गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है.

इस सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री के पैतृक आवास के अलावा उनकी बहन और उज्जैन नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव का मकान भी आ रहा है. इस मार्ग के लिए कुल 272 भवन प्रभावित हो रहे हैं.

मकान का 3.8 मीटर हिस्सा हटेगा

नगर निगम ने मुख्यमंत्री के पैतृक मकान पर भी लाल निशान लगाया था. सड़क चौड़ीकरण के लिए मकान का करीब 3.8 मीटर हिस्सा हटाया जाना है. मुख्यमंत्री ने अपने आवास के प्रभावित हिस्से से ही अभियान की शुरुआत कराई.

सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर उज्जैन में सड़क, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि शहर के विकास के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे और नियम सभी के लिए समान रहेंगे.