भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है. गुरुवार, 12 नवंबर को ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है.
मुकाबले में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित पारी में 227 रन बनाए. टीम की ओर से शाह फैसल रहीमी ने 51 रन की पारी खेली. नोमान सालारजई ने भी 51 रन बनाए, जबकि सुब्हान जाखेल ने 31 रन का योगदान दिया.
इसके अलावा आबिदुल्लाह नादरजान ने 14 और फरीदुल्लाह एहसास ने 13 रन बनाए. भारत की ओर से ईशान सूद सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने तीन विकेट हासिल किए. आर्यन सावसानी ने दो विकेट झटके, जबकि काव्या परेश पटेल, यशवर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को एक-एक सफलता मिली.
228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत दिलाई. लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने पहले विकेट के लिए बेहतरीन साझेदारी की और टीम को जीत की राह पर आगे बढ़ाया.
आर्यवीर सहवाग ने 57 गेंदों पर 51 रन बनाए. वहीं, लक्ष्य रायचंदानी ने 90 गेंदों में 93 रनों की शानदार पारी खेली. इसके बाद वीके विनीत ने 62 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया. भारत ने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
सेमीफाइनल में जीत के बाद अब भारतीय टीम का सामना फाइनल में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा. दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला 14 नवंबर को ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ-2) पर खेला जाएगा.
खास बात यह है कि टूर्नामेंट में भारत को अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में भारतीय टीम के पास फाइनल में उस हार का बदला लेकर खिताब जीतने का मौका होगा.