प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से मुलाकात की और मीडिया के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया. उन्होंने बीजेपी में अपने शुरुआती दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. साथ ही, मीडिया और राजनीति में आए बदलावों पर बात करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अपना नजरिया सामने रखा.
पीएम मोदी ने बीजेपी मुख्यालय के पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि 1990 के दशक में पार्टी ने उन्हें देशव्यापी स्तर पर निकाली गई दो बड़ी यात्राओं के दौरान व्यवस्थाओं से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी थीं. उस समय संचार के साधन आज की तरह विकसित नहीं थे. यहां तक कि किसी प्रेस रिलीज को भेजने के लिए भी फैक्स मशीन की जरूरत पड़ती थी.
उन्होंने 11 अशोक रोड स्थित बीजेपी कार्यालय में अपने कमरे से जुड़ा एक किस्सा सुनाया. मोदी ने बताया कि एक दिन अचानक कुछ पत्रकार उनके कमरे में पहुंच गए. उस समय पत्रकारों का एक महिला समूह भी सक्रिय था. उन्होंने आते ही मोदी से मिठाई खिलाने की मांग की.
जब मोदी ने इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने कहा कि उन्हें गुजरात जाना है और वह राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं. प्रधानमंत्री के मुताबिक, उस समय पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को ही इस बात की जानकारी थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही इसकी भनक लग गई थी. बाद में उनकी यह भविष्यवाणी सच साबित हुई.
प्रधानमंत्री ने पत्रकारिता और राजनीतिक संवाद के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारों की जिम्मेदारियां बदलती हैं. जो लोग पहले रिपोर्टिंग करते हैं, वे आगे चलकर संपादकीय पदों तक पहुंचते हैं. इसी तरह राजनीति में उनकी अपनी जिम्मेदारियां भी समय के साथ बदलती रही हैं.
मोदी ने बताया कि सरकार के प्रमुख के रूप में उनके 25 साल पूरे हो चुके हैं. इन वर्षों में देश, दुनिया और राजनीति करने के तरीके में काफी बदलाव आया है.
उन्होंने कहा कि तकनीक ने मीडिया की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है. पहले फैक्स मशीन के जरिए प्रेस रिलीज भेजी जाती थी, जबकि आज इंस्टाग्राम रील जैसे नए माध्यमों का इस्तेमाल हो रहा है. उनके मुताबिक, पारंपरिक मीडिया के काम करने के कुछ तरीके आसान हुए हैं, लेकिन तकनीक के साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं.
विकसित भारत के लक्ष्य पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की हालिया उपलब्धियां बताती हैं कि यह सपना असंभव नहीं है. उन्होंने लोगों से सवाल किया कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने कितनी बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं.
उन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास भारत की सफल लैंडिंग, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता बनने और चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बनाने जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया.
इसके अलावा उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा और स्टार्टअप के क्षेत्र में हुई प्रगति को भी रेखांकित किया. प्रधानमंत्री के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में भारत की सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता 50 गुना से अधिक बढ़ी है. इसी अवधि में देश दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनकर उभरा है.
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए देश को 2047 तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है. इसके लिए लगातार छोटे और बड़े लक्ष्य तय करके उन्हें पूरा करना होगा.
उन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि आजादी का लक्ष्य एक-दो दिन में हासिल नहीं हुआ था. उस समय भी पहले छोटे-छोटे लक्ष्य तय किए गए और उन्हें पूरा करने के साथ लोगों का आत्मविश्वास बढ़ता गया. धीरे-धीरे पूरा देश आजादी के संकल्प के साथ एकजुट हो गया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भी इसी तरह के सामूहिक प्रयास और मजबूत संकल्प की जरूरत है. जब देश लगातार छोटे-बड़े लक्ष्य हासिल करता रहेगा, तो 2047 से पहले भी विकसित भारत का सपना पूरा किया जा सकता है.