menu-icon
India Daily

मध्य प्रदेश की बेटी अंजना यादव ने कर दिखाया कमाल, माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा

रायसेन की अंजना यादव ने माउंट एवरेस्ट फतह कर तिरंगा लहराया है. आठ खेलों की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी अंजना अब तक 24 से अधिक चोटियों पर चढ़ चुकी हैं. उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बधाई दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मध्य प्रदेश की बेटी अंजना यादव ने कर दिखाया कमाल, माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा
Courtesy: @DrMohanYadav51 x account

रायसेन: मध्य प्रदेश की बेटी अंजना यादव ने एक बार फिर इतिहास रचा है. माउंट एवरेस्ट को फतह करके अंजना ने सफलतापूर्वक चोटी पर तिरंगा फहराया है. वह रायसेन जिले के सेमरी गांव की मूल निवासी हैं. इससे पहले, अंजना यादव ने हिमालय में स्थित 6,119 मीटर की ऊंचाई वाली लोबुचे चोटी पर भी तिरंगा फहराया था.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी. सोशल मीडिया पर लिखते हुए उन्होंने कहा, 'मध्य प्रदेश की एक बेटी ने इतिहास रचा है और देश का गौरव बढ़ाया है. रायसेन जिले के सेमरी गांव की बेटी अंजना यादव ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी, माउंट एवरेस्ट को फतह करके हम सभी को गौरवान्वित किया है. उनका साहस, दृढ़ संकल्प और समर्पण सभी बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं.'

कब किया इस चोटी को फतह?

पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ पर उन्होंने इस चोटी को फतह किया. जिसे दुनिया की सबसे कठिन चढ़ाइयों में से एक माना जाता है और वहां तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया. 6,119 मीटर की ऊंचाई पर जमा देने वाली ठंड के बीच अंजना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का बैनर फहराया, जो भारतीय सेना के अदम्य साहस का प्रतीक था.

अंजना यादव ने क्या कहा?

एवरेस्ट बेस कैंप से अंजना यादव ने एक भावुक संदेश दिया. उन्होंने कहा, 'यह केवल एक चढ़ाई नहीं है, बल्कि देश के शहीदों के प्रति राष्ट्र की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की गूंज अब दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों तक पहुंच गई है. इस ऊंचाई से हम अपने सैनिकों द्वारा दिए गए बलिदानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं.'

क्या-क्या हैं अंजना यादव की उपलब्धियां?

अंजना यादव एक राष्ट्रीय स्तर की एथलीट हैं, जो आठ अलग-अलग खेलों में माहिर हैं. अब तक, उन्होंने पूरे देश में लगभग 24 चोटियों को फतह किया है. अंजना ने माउंट युम नाम चोटी (20,000 फीट), माउंट काला पत्थर चोटी (18,192 फीट), माउंट गोक्यो चोटी (17,929 फीट), माउंट एवरेस्ट बेस कैंप (17,598 फीट), माउंट फ्रेंडशिप चोटी (17,346 फीट), माउंट रेनोक चोटी (16,023 फीट), और माउंट पतासु चोटी (13,800 फीट) पर तिरंगा फहराया है. 

उन्होंने गंगा नदी में 19 किलोमीटर की रिवर राफ्टिंग भी पूरी की है. खेलों के क्षेत्र में, अंजना ने विभिन्न विधाओं में 17 बार राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा की है. उन्होंने खो-खो, कबड्डी, ताइक्वांडो और विस्बॉल जैसे खेलों में हिस्सा लिया है.

अंजना ने हिमालयन इंस्टीट्यूट से अपना बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स (BMC) पूरा किया. यह संस्थान देश के ऐसे केवल तीन संस्थानों में से एक है. अंजना सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से शामिल हैं; उन्हें रक्तदान, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में गहरी रुचि है.