menu-icon
India Daily

Twisha Sharma Case: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, CBI ने कटारा हिल्स आवास से लिया हिरासत में

ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI ने रिटायर्ड जज और सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया. मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद कटारा हिल्स स्थित घर पर पूछताछ के बाद कार्रवाई हुई.

Dhiraj Kumar Dhillon
Twisha Sharma Case: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, CBI ने कटारा हिल्स आवास से लिया हिरासत में
Courtesy: Google

ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में नया अपडेट सामने आया है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को ट्विशा शर्मा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. बता दें पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सीबीआई की दलीलें सुनने के बाद गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी.

मामले में जिला सेशंस न्यायाधीश की अदालत से गिरिबाला सिंह को 15 मई को अग्रिम जमानत मिली थी. हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई के दौरान सीबीआई ने कहा था कि गिरिबाला सिंह ने ट्विशा शर्मा के करेक्टर को खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. गिरिबाला सिंह से कस्टो‌डियल पूछताछ होनी जरूरी है.

कटारा हिल्स स्थित आवास पर लंबी पूछताछ

‌मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीआई ने गुरुवार को रिटायर्ड जज के कटारा हिल्स स्थित निवास पर गिरिबाला सिंह से कई घंटों तक पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया.  गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे सीबीआई गिरिबाला सिंह के आवास पर पहुंच गई थी. सीबीआई की टीम ने एक कमरे में पूर्व जज पूछताछ की और इस दौरान टीम ने हाई रिजोल्यूशन कैमरें से घर में काफी देर तक रिकॉर्डिंग कर इलेक्ट्रोनिक साक्ष्य जुटाए. 

बुधवार देर रात रद्द हुई थी अग्रिम जमानत

बता दें कि मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने बुधवार देर रात ‌ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी. सीबीआई ने ‌जमानत का विरोध करते हुए गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न, चरित्र पर लांछन लगाने और साक्ष्य मिटाने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे. जांच एजेंसी ने कोर्ट में व्हाट्सएप चैट के जरिए यह खुलासा करने का दावा किया कि ‌प्रेग्नेंट होने पर ट्विशा शर्मा पर लांछन लगाने और अबॉर्शन कराने पर मजबूर करने में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह का भी हाथ था.