बागलकोट: कर्नाटक के बागलकोट जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां 29 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पत्नी पर विवाहेतर संबंध होने का शक किया और कथित तौर पर उसकी जान लेने के बाद उसके अंतिम क्षणों का वीडियो बनाकर उसके पिता, रिश्तेदारों और दोस्तों को भेज दिया. पुलिस ने वीडियो जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान 27 वर्षीय भाग्यश्री जिगलूर के रूप में हुई है. उनका शव सोमवार शाम बागलकोट जिले के बिलगी तालुक के गलगली गांव स्थित घर में मिला. मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति प्रवीण अशोक जिगलूर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
#WATCH | Bagalkote, Karnataka: SP Siddharth Goyal says, "Yesterday, we registered a murder case. The name of the victim is Bhagyashree. She is 22 years old. She has been married to Praveen for the last 6 years... We have arrested him... The husband had doubts that the wife had an… pic.twitter.com/rqiVYN9JSJ
— ANI (@ANI) July 28, 2026
जांच अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर उस समय वीडियो रिकॉर्ड किया जब महिला फंदे पर लटकी हुई थी और संघर्ष करती दिखाई दे रही थी. हालांकि पुलिस ने कहा है कि घटनाक्रम की पूरी सच्चाई अभी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. वीडियो की प्रामाणिकता और समय की भी जांच की जा रही है.
पुलिस को महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. जांच की जा रही है कि क्या फंदे पर लटकाने से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी या चोट किसी अन्य कारण से लगी. घटनास्थल से लोहे की रॉड जैसी एक वस्तु भी बरामद की गई है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
पुलिस के अनुसार दोनों की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उनका तीन साल का एक बेटा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चालक का काम करता था और अक्सर घर से बाहर रहता था. उसे शक था कि उसकी पत्नी का उसके मायके के इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति से संबंध है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले भाग्यश्री करीब छह सप्ताह से अपने मायके में रह रही थीं. उन्होंने कथित तौर पर पति द्वारा उचित देखभाल नहीं किए जाने की शिकायत भी की थी.
बागलकोट के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल ने बताया कि सोमवार को आरोपी अपनी पत्नी को मायके से वापस घर लेकर आया था. घटना के समय घर में दोनों ही मौजूद थे. घर से बीयर की बोतलें भी मिली हैं. पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या महिला को शराब पिलाई गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से मौत के कारण, गले पर मिले निशानों और किसी नशीले पदार्थ के इस्तेमाल की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस अब आरोपी की रिमांड लेकर वीडियो की सच्चाई, गवाहों के बयान और दंपति के बीच पहले हुए विवादों की भी जांच करेगी.