बेंगलुरु: आजकल हर दूसरे दिन एक्सीडेंट की खबरें आ रही हैं. यह कहना गलत नहीं होगा कि कुछ लोग काफी लापरवाह हो गए हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं ज्यादा बढ़ गई हैं. ऐसी ही एक घटना कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सामने आई है. यहां के बन्नेरघट्टा इलाके में एक तेज रफ्तार SUV बेकाबू हो गई और सड़क किनाने कई बाइकों को टक्कर मार दी. वो सीधे एक कबाब सेंटर के अंदर जा घुसी.
बता दें कि यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि जो लोग अंदर खाना बना रहे थे उन्हें संभलने का भी मौका नहीं मिला. इस हादसे में 3 लोग गर्म तेल से बुरी तरह झुलस गए. बता दें कि यह घटना 28 अक्टूबर को हुई थी. तेज रफ्तार SUV सड़क से गुजर रही थी. इसी दौरान ड्राइवर ने गाड़ी का कंट्रोल खो दिया. इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बेंगलुरु के होम्मादेवनहल्ली इलाके से एक परेशान करने वाला हादसा सामने आया है. मित्सुबिशी पजेरो चालक ने तेज रफ्तार में नियंत्रण खो दिया और वाइन स्टोर के पास खड़ी बाइक को टक्कर मारते हुए सीधे कबाब सेंटर में घुस गया. इस हादसे में गर्म तेल गिरने से 3 लोग झुलस कर घायल हो गए. #BengaluruNews #RoadAccident #PajeroCrash #Hommadevanahalli #IndiaDaily24x7
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) November 4, 2026Also Read
जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय कबाब सेंटर में खाना बनाने का काम चल रहा था. वहां कड़ाही में गर्म तेल रखा हुआ था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गर्म तेल फैल गया. वहां मौजूद तीन लोग इसकी चपेट में आ गए. तीनों को गंभीर रूप से जलने की चोटें आई हैं. घायलों की पहचान बसवराज, मुनिकृष्णा और मंजेश के रूप में हुई है. हादसे के तुरंत बाद तीनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा है.
इस दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम सेंटर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फुटेज में SUV को पहले बाइकों से टकराते और फिर कबाब सेंटर के अंदर घुसते हुए देखा जा सकता है.
घटना के बाद बन्नेरघट्टा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि SUV चालक ने गाड़ी से नियंत्रण कैसे खोया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.