RCB Victory Parade Stampede: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ मच गई. इस हादसे में कई लोग घायल हो गए और 11 लोगों की जान चली गई. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि स्टेडियम के गेट के पास अफरा-तफरी मच गई. इस भयावह घटना के चश्मदीदों ने अपनी आंखों देखी आपबीती साझा की, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया.
RCB की जीत का जश्न देखने के लिए हजारों प्रशंसक स्टेडियम के बाहर जमा हुए थे. लोग अपने चहेते खिलाड़ी विराट कोहली और RCB की पूरी टीम को देखने के लिए बेताब थे. लेकिन जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, हालात बेकाबू हो गए. गेट के पास धक्का-मुक्की शुरू हो गई और स्थिति ऐसी हो गई कि लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे.
चश्मदीद महेश ने बताया, “हर कोई विराट कोहली और RCB की टीम को देखना चाहता था. कई लड़कियां स्टेडियम में घुसने की कोशिश में गेट को धक्का दे रही थीं. मैंने अपनी आंखों से तीन लड़कियों को गिरते देखा, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कोई उनकी मदद नहीं कर सका. पुलिस भी इतनी भीड़ के सामने बेबस नजर आई.”
एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि स्टेडियम के अंदर सीटें पहले ही भर चुकी थीं, जिसके कारण गेट पर और लोग घुसने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने कहा, “सभी सीटें भर चुकी थीं. गेट पर इतनी भीड़ थी कि लोग न तो अंदर जा पा रहे थे और न ही बाहर निकल पा रहे थे. कई लोग घायल हो गए लेकिन गेट बंद होने की वजह से कोई मदद नहीं पहुंच सकी.”
ANI की तस्वीरों में दिखा कि स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों ने एक कार पर चढ़कर उसे भी नुकसान पहुंचा दिया. यह दृश्य उस अफरा-तफरी का सबूत था, जो जश्न के माहौल को मातम में बदल गया.
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने RCB के सभी खिलाड़ियों के लिए एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया था. इस समारोह में हजारों प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन आयोजकों को इतनी बड़ी भीड़ का अंदाजा नहीं था. सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की कमी ने इस हादसे को और गंभीर बना दिया.