menu-icon
India Daily

शादी के तीन महीने बाद पत्नी की हत्या, पति और गर्लफ्रेंड पर साजिश रचने का आरोप

गुरुग्राम के मानेसर में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस का दावा है कि पति ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
शादी के तीन महीने बाद पत्नी की हत्या, पति और गर्लफ्रेंड पर साजिश रचने का आरोप
Courtesy: AI

देश में रिश्तों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं के बीच हरियाणा के गुरुग्राम जिले के मानेसर से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 22 वर्षीय नवविवाहिता की कथित तौर पर उसके पति और उसकी गर्लफ्रेंड ने मिलकर हत्या कर दी.

पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के पीछे दोनों का लंबे समय से चला आ रहा प्रेम संबंध बताया जा रहा है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.

जांच के दौरान कमरे से मिला शव

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 22 मई को मानेसर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी इसी वर्ष फरवरी में मानेसर निवासी अंकित से हुई थी. शादी के कुछ ही महीने बाद 21 मई को उनकी बेटी अचानक लापता हो गई.परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की और ससुराल पक्ष से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला. पति और उसके परिवार के व्यवहार पर संदेह होने के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में गुमशुदगी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मानेसर स्थित एक कमरे से महिला का शव बरामद किया. प्रारंभिक जांच के मुताबिक महिला की हत्या गोली मारकर की गई थी.

पति और गर्लफ्रेंड पर हत्या की साजिश का आरोप

जांच के दौरान पुलिस ने 25 वर्षीय अंकित और उसकी 38 वर्षीय कथित गर्लफ्रेंड रजनी देवी को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, अंकित मानेसर में तंबाकू की दुकान संचालित करता है, जबकि रजनी इलाके के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी. पूछताछ में सामने आया कि दोनों पिछले लगभग तीन वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे. जांच अधिकारियों का दावा है कि दोनों अपने संबंध को जारी रखना चाहते थे और इसी कारण उन्होंने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

पुलिस के मुताबिक, हत्या की योजना रजनी के किराए के कमरे में बनाई गई थी. आरोप है कि वारदात वाले दिन अंकित अपनी पत्नी को उसी कमरे में लेकर पहुंचा, जहां दोनों ने मिलकर उसे गोली मार दी. जांच में यह भी सामने आया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार लगभग दो महीने पहले उत्तर प्रदेश से खरीदा गया था. पुलिस का मानना है कि हथियार की खरीद पहले से सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी. हालांकि इस पहलू की पुष्टि के लिए अभी और जांच की जा रही है.