ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां शराब पीने से टोकने पर एक युवक ने अपनी ही मां को गोली मार दी. गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार रात करीब 9.15 बजे की है. घटना ऋषिकेश के आम बाग विस्थापित कॉलोनी की बताई जा रही है. यहां रहने वाला 32 वर्षीय सुमित गौड़ अपनी मां उषा देवी के साथ रहता है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुमित लंबे समय से शराब का आदी है और शराब पीने के बाद अक्सर घर में विवाद करता था.
जानकारी के मुताबिक रविवार रात भी सुमित शराब पीकर घर पहुंचा. इस दौरान उसकी मां उषा देवी ने उसे शराब पीने से मना किया और समझाने की कोशिश की. मां की बात सुनकर सुमित गुस्से में आ गया. आरोप है कि उसने तमंचा निकाला और अपनी मां पर गोली चला दी. गोली उषा देवी के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गईं.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घर की ओर दौड़े. लोगों ने घायल महिला को संभाला और पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है.
आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठी ने बताया कि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी अविवाहित है और लंबे समय से शराब की लत से परेशान था. इसी वजह से घर में विवाद होता रहता था.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.