दिल्ली में एक छोटी सी बात पर पति ने अपनी पत्नी की क्रूर तरीके से हत्या कर दी. हत्या के बाद पति खुद थाने पहुंचा और थानाध्यक्ष को पूरी घटना बताते हुए सरेंडर कर दिया. बता दें कि यह घटना दिल्ली के बाबा हरिदास नगर थाना क्षेत्र की है. 5 जुलाई की सुबह एक व्यक्ति थाने पहुंचा और ड्यूटी ऑफिसर से कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है.
इसके बाद उसने बताया कि शव घर पर ही पड़ा है. ड्यूटी ऑफिसर ने तुरंत थानाध्यक्ष को सूचना दी. पुलिस आरोपी के बताए पते पर पहुंची. घर के अंदर पहुंचकर पुलिस को खून से लथपथ महिला का शव मिला. शव के पास ही तवा पड़ा था.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी का नाम दिनेश पटेल बताया गया है. दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सरिता से छोटी-सी बात पर झगड़ा हो गया. गुस्से में उसने किचन में रखे तवे से सरिता के सिर पर वार कर दिया. इससे सरिता के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दिनेश के मुताबिक पत्नी के माता-पिता भी पास में रहते थे, जिसके बाद दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे. यह घटना दिल्ली में घरेलू हिंसा और मानसिक स्वास्थ्य की समस्या को लेकर फिर से सवाल उठा रही है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.
बता दें कि दिनेश आईटी कंपनी में काम करता था, लेकिन पिछले तीन महीने से बेरोजगार है. उसे सिजोफ्रेनिया नाम की बीमारी है. उसकी शादी 2005 में सरिता से हुई थी. उनके दो बेटे हैं. बड़ा बेटा इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा है और छोटा बेटा पांचवीं में पढ़ता है.