menu-icon
India Daily

अपहरण के चार दिन बाद नहर से मिला युवक का शव, गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर की गिरफ्तारी की मांग

हरियाणा के रोहतक में 26 वर्षीय युवक सुनील का अपहरण होने के चार दिन बाद झज्जर के बेरी हेड के पास नहर से शव बरामद हुआ.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अपहरण के चार दिन बाद नहर से मिला युवक का शव, गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर की गिरफ्तारी की मांग
Courtesy: Pinterest

रोहतक: हरियाणा के रोहतक में 26 वर्षीय युवक के अपहरण के चार दिन बाद उसका शव झज्जर जिले के बेरी हेड के पास नहर से मिलने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण झज्जर रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा.

मृतक की पहचान रोहतक के काठ मंडी निवासी 26 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार 28 जुलाई की रात करीब एक बजे सुनील अपने दोस्तों सुमित, कौशल और सन्नी के साथ काठमंडी पुल के नीचे बैठा हुआ था. इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी वहां पहुंची. आरोप है कि गाड़ी में सवार चार से पांच युवक हथियारों के साथ नीचे उतरे और सुनील के साथ मारपीट करने लगे.

परिजनों ने क्या लगाया आरोप?

परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने सुनील का जबरन अपहरण किया और उसे अपने साथ ले गए. घटना के बाद परिवार और परिचितों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने शिवाजी कॉलोनी थाना में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की.

घटना के चार दिन बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि झज्जर जिले के बेरी हेड के पास नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ है. मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान सुनील के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.

प्रदर्शनकारियों ने क्या रखी मांग?

शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. उन्होंने झज्जर रोड स्थित काठमंडी पुल के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया. अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हो सका.