menu-icon
India Daily

दिल्ली ब्लास्ट के बाद अलर्ट हुई हरियाणा पुलिस, रोहतक में 4 लोगों को किया गिरफ्तार, 1 करोड़ कैश बरामद

दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद से आसपास के इलाकों में पुलिस अलर्ट पर है. इसी कड़ी में चेकिंग के दौरान रोहतक पुलिस ने 1 करोड़ कैश बरामद किया है और 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Haryana Police
Courtesy: Grok AI

रोहतक: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए कार धमाके ने पूरे देश को हिला दिया. इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने हर तरफ सतर्कता बढ़ा दी है. खासकर दिल्ली और उसके आसपास के राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया. 

इसी क्रम में हरियाणा के रोहतक में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. यहां चार लोगों को हिरासत में लिया गया और उनके पास से एक करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई.

दिल्ली में हुआ भयानक धमाका

सोमवार शाम करीब सात बजे के आसपास लाल किला मेट्रो स्टेशन के नजदीक एक हुंडई i20 कार में तेज धमाका हुआ. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की कई गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं. 

इस हादसे में अब तक 12 लोगों की जान जा चुकी है और 20 से अधिक लोग घायल हैं. सभी घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

हरियाणा पुलिस की सतर्कता

दिल्ली की इस घटना के तुरंत बाद हरियाणा के कई जिलों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया. रोहतक जिले में सुरक्षा के इंतजाम और सख्त कर दिए गए. पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में नाके लगाए और वाहनों की गहन तलाशी शुरू कर दी.

रोहतक के पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद जिले में हर स्तर पर सावधानी बरती जा रही है. सभी पुलिस थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वाहनों, होटलों, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउस की जांच करें. 

रोहतक में नकदी बरामदगी और गिरफ्तारी

शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र में इंस्पेक्टर राकेश सैनी की टीम जलेबी चौक के पुल के नीचे वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान झज्जर की ओर से आ रही एक कार को रोका गया. कार में सवार चार युवकों से पूछताछ की गई. पीछे की सीट पर बैठे दो लोगों के बैग में 500 और 200 रुपये के नोटों के बंडल मिले. गिनती करने पर कुल रकम एक करोड़ रुपये निकली.

पुलिस ने फौरन अदालत के आदेश से सारी नकदी जब्त कर रोहतक की ट्रेजरी में जमा करा दी. इसकी सूचना आयकर विभाग को भी भेज दी गई. चारों युवकों को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह पैसा कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस लिए होना था.