गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में पत्नी की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान आरोपी ने पहले दावा किया था कि उसकी पत्नी की मौत पेट में तेज दर्द के कारण हुई है, लेकिन शव पर मिले गले के निशानों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
मृतका की पहचान 21 वर्षीय शालू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सोमवार को उसका पति हेमंत उसे मृत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचा. वहां उसने पुलिस और अस्पताल प्रशासन को बताया कि शालू को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद वह बेहोश हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई.
मामले की जांच के लिए अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने शव का निरीक्षण किया तो महिला के गले पर चोट और दबाव के स्पष्ट निशान दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने शालू के परिजनों को सूचना दी और मामले की जांच शुरू की.
शालू के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2025 में हेमंत से हुई थी. दोनों गुरुग्राम में मजदूरी का काम करते थे और बेहालपा ग्रीन फार्म हाउस के पास रहते थे. शिकायत के अनुसार 26 और 27 जुलाई की रात करीब साढ़े बारह बजे हेमंत ने फोन कर बताया था कि शालू के पेट में तेज दर्द है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है. कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर उसकी मौत की सूचना दी.
जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने शालू के गले पर निशान देखे और हत्या का आरोप लगाया. इसके बाद भोंडसी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने मंगलवार को आरोपी हेमंत को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिवारा गांव का रहने वाला है.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. इसी शक के चलते 26 और 27 जुलाई की रात उसने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया. इसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को गुमराह करने के लिए पेट दर्द से मौत की झूठी कहानी बनाई.
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है.