अंबाला: हरियाणा के अंबाला में शुक्रवार रात यात्रियों से भरी एक वोल्वो स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई. कालका चौक से कुछ आगे सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी. हादसे में बस के परिचालक की मौत हो गई, जबकि करीब 10 यात्री घायल हो गए. मृतक की पहचान उत्तर-पूर्वी दिल्ली निवासी 40 वर्षीय छोटू के रूप में हुई है. हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल और छावनी नागरिक अस्पताल ले जाया गया.
जिला नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों ने छोटू को मृत घोषित कर दिया. वहीं, अरविंद, निखार, सूर्या और एक अन्य यात्री का इलाज किया गया. इसके अलावा पांच अन्य घायलों को छावनी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी वोल्वो बस शुक्रवार रात करीब 10 बजे नोएडा से जालंधर के लिए रवाना हुई थी. सुबह करीब 5 बजे जब बस अंबाला शहर में अंबाला-अमृतसर नेशनल हाईवे पर कालका चौक से आगे पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्रियों को चोटें आईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
घायलों में शामिल 23 वर्षीय सूर्या को गंभीर हालत के चलते चंडीगढ़ रेफर किया गया था. हालांकि, बाद में उसके परिजन उसे जालंधर ले गए. सूर्या की मां ने बताया कि वह गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करता है. वहीं, घायल निखार और अरविंद को भी उनके परिजन इलाज के लिए अपने साथ ले गए. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.