menu-icon
India Daily

1 लाख की बाइक पर 10 लाख का जुर्माना! गुरुग्राम पुलिस ने जब्त की 113 पेंडिंग चालान वाली बाइक

गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने नियमित जांच के दौरान 113 लंबित चालानों वाली एक मोटरसाइकिल जब्त की, जिस पर कुल 10.68 लाख रुपए का भारी-भरकम जुर्माना बकाया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
1 लाख की बाइक पर 10 लाख का जुर्माना! गुरुग्राम पुलिस ने जब्त की 113 पेंडिंग चालान वाली बाइक
Courtesy: X

गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान चला रखा है. इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 को MDI चौक पर तैनात जोनल अधिकारी ASI प्रवीण कुमार और उनकी टीम ने एक सामान्य मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका. चालक से वाहन के आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह एक भी कागजात पेश नहीं कर सका.

10.68 लाख के 113 चालान लंबित

दस्तावेज न मिलने पर जब पुलिस ने ऑनलाइन रिकॉर्ड खंगाला तो चौंकाने वाली बात सामने आई. मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत उस बाइक पर कुल 113 चालान पेंडिंग थे, जिनकी कुल जुर्माना राशि 10,68,500 रुपए थी. यह बाइक करीब 1 लाख रुपए की है, लेकिन उस पर लगा जुर्माना इसकी मौजूदा कीमत से कई गुना अधिक निकला.

अधिकांश चालान बिना हेलमेट व इंश्योरेंस के

पुलिस के अनुसार, पेंडिंग चालानों में से अधिकांश बिना हेलमेट चलाने, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) न होने और बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने से जुड़े थे. इतनी बड़ी लापरवाही सामने आने पर ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवा दिया.

चालकों से दस्तावेज अपडेट रखने की अपील

गुरुग्राम पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे ड्राइविंग के दौरान वैध इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण-पत्र जैसे सभी जरूरी कागजात साथ रखें. ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और पेंडिंग चालान न भरने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा.