नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. रेड लाइन पर शाहदरा और वेलकम के बीच तकनीकी समस्या के चलते कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं. हालांकि, अब इस रूट पर मेट्रो सेवा सामान्य हो गई है. DMRC की ओर से यात्रियों को स्थिति के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई थी. बाकी सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं.
दरअसल दिल्ली में DTC बस ड्राइवरों की हड़ताल के बीच मेट्रो में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो ने अब तक की सबसे ज्यादा यात्री बोर्डिंग दर्ज की. DMRC के मुताबिक, इस दिन कुल 82,44,903 यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई. यह बुधवार, 16 सितंबर को दर्ज 80,71,630 यात्री बोर्डिंग के मुकाबले 1,73,273 अधिक है.
DMRC के आंकड़ों के अनुसार, 17 सितंबर को अलग-अलग कॉरिडोर में येलो लाइन पर सबसे ज्यादा 20,89,465 यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई. इसके बाद ब्लू लाइन पर 17,28,658 यात्री बोर्डिंग हुई. पिंक लाइन पर 9,41,527 और रेड लाइन पर 8,80,059 यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई. कुल आंकड़े में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और रैपिड मेट्रो गुरुग्राम की सेवाओं की सवारियां भी शामिल हैं. इसी वजह से कुल यात्री बोर्डिंग का आंकड़ा 82 लाख से ज्यादा पहुंच गया.
DTC बस ड्राइवर मंगलवार से दैनिक वेतन में बढ़ोतरी, मेडिकल सुविधाओं और ओवरटाइम भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं. इसके चलते सार्वजनिक परिवहन पर दबाव बढ़ा और बड़ी संख्या में यात्रियों ने मेट्रो का रुख किया. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए DMRC ने पूरे नेटवर्क में 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप बढ़ाई थीं. इसके अलावा 16 सितंबर को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच आठ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गई थीं.
पीक आवर्स में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिचालन व्यवस्था को बढ़ाया गया. DMRC ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं जारी रखने की बात कही है. यात्रियों को खासकर पीक आवर्स के दौरान अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है.